मुरादाबाद : कार से कुचले किसान की उपचार के दौरान मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। होली के दिन गांव के ही एक युवक ने कार चलाना सीखते समय बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार किसान कार में फंसकर काफी दूर तक घिसटता चला गया। बेकाबू कार ट्रॉली से टकराकर खुद रुक गई। घटना में घायल हुए किसान की सोमवार सुबह दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल में …
मुरादाबाद, अमृत विचार। होली के दिन गांव के ही एक युवक ने कार चलाना सीखते समय बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार किसान कार में फंसकर काफी दूर तक घिसटता चला गया। बेकाबू कार ट्रॉली से टकराकर खुद रुक गई। घटना में घायल हुए किसान की सोमवार सुबह दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बिलारी थाना क्षेत्र के गांव ग्वारऊ निवासी 31 वर्षीय हेमंत कुमार किसान थे। परिवार में पत्नी साधना, सात साल का एक बेटा आर्यन और विधवा मां सुमन देवी हैं। मझले भाई पीयूष ने बताया कि होली के दिन सुबह करीब 11 बजे हेमंत गांव के ही गजेंद्र के साथ बाइक पर बैठकर काम से जा रहे थे। गांव का ही एक युवक अपने दोस्त की कार से ड्राइविंग सीख रहा था। आरोपी युवक कार से नियंत्रण खो बैठा और उसने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहा गजेंद्र दूर जा गिरा, जबकि हेमंत कार के बानेट में फंस कर दूर तक घिसटता चला गया। इसके बाद बेकाबू कार ट्रॉली से टकरा कर रुक गई।
घिसटने की वजह से हेमंत बुरी तरह घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल दिल्ली रोड पर मझोला थाने के सामने स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सोमवार सुबह 10 बजे उसकी मौत हो गई। मृतक के मझले भाई पीयूष ने डॉक्टरों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया। हेमंत की मौत के बाद से पत्नी साधना और विधवा मां सुमन देवी बेसुध हैं। बेटे आर्यन, भाई पीयूष व देवेश और बहन सीमा का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सिरफिरे आशिक ने बीटेक छात्रा पर किए चाकू से वार
