पीलीभीत: भाजपा नेता ने मां-बेटे को पीटा, गला दबाकर जान लेने की कोशिश
पीलीभीत, अमृत विचार। पुरानी रंजिश में भाजपा नेता ने जमकर गुंडई की। एक युवक को रास्ते में घेरकर पिटाई की गई। रस्सी से गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। युवक को अधमरा कर आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कोतवाली पुलिस ने संगीन मामला होने के बावजूद एनसीआर …
पीलीभीत, अमृत विचार। पुरानी रंजिश में भाजपा नेता ने जमकर गुंडई की। एक युवक को रास्ते में घेरकर पिटाई की गई। रस्सी से गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। युवक को अधमरा कर आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कोतवाली पुलिस ने संगीन मामला होने के बावजूद एनसीआर दर्ज कर टाल दिया। आरोपियों से खुद की जान को खतरा बताते हुए पीड़ित परिवार ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
शहर के मोहल्ला खकरा निकट गौरीशंकर मंदिर के निवासी सोमवती पत्नी मुकेश शर्मा ने एसपी कार्यालय में दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी मोहल्ले के ही भाजपा नेता से पुरानी रंजिश है। वह लोग पहले भी उनके परिवार के सदस्यों पर हमला कर चुके हैं। 20 मार्च को उनके छोटे बेटे प्रशांत उर्फ नानू को आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते पीटा था। जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी।
दूसरे दिन 21 मार्च को दोपहर साढ़े तीन बजे वह अपने बेटे को दवा दिलाने जा रही थी। सत्यनारायण मंदिर के पास पहुंचते ही आरोपियों ने रास्ते में ही रोक लिया। कोतवाली में की गई शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। जब शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया तो जानलेवा हमला बोल दिया। एक आरोपी ने पीड़िता को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। उसके बाद घायल बेटे की सरेराह पिटाई की गई। लाठी डंडे से बुरी तरह मारपीट की।
आरोप है कि भाजपा नेता ने जूट की रस्सी से बेटे प्रशांत की गर्दन दबाकर जान लेने की कोशिश की। इस बीच बड़ा बेटा और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इस पर हमलावर धमकी देकर भाग गए। घटना की शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने भगा दिया। पूर्व में दी गई तहरीर पर भी सिर्फ एनसीआर दर्ज की गई।दोबारा हमला कर पहुंचाई गई चोटों का मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया गया। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसपी कार्यालय से मामले में जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसे भी पढ़ें-
पीलीभीत: बरेली जाने को निकला बीए का छात्र लापता
