रायबरेली: एक साल से सौ घरों को नहीं नसीब हो रही बिजली, अंधेरे में गुजर रहीं रातें….

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ऊंचाहार/रायबरेली। 24 घंटे के अंदर खराब ट्रांसफॉर्मर को बदलने का दावा सूबे का निजाम करता है, किंतु इसकी हकीकत देखनी हो तो ऊंचाहार के खोजनपुर गांव को देखना होगा। जहां करीब एक साल से सौ घरों में रोशनी नहीं पहुंची हैं। ग्रामीणों की सुविधा के लिए खोजनपुर गांव के एक ईंट भट्ठे के पास 25 …

ऊंचाहार/रायबरेली। 24 घंटे के अंदर खराब ट्रांसफॉर्मर को बदलने का दावा सूबे का निजाम करता है, किंतु इसकी हकीकत देखनी हो तो ऊंचाहार के खोजनपुर गांव को देखना होगा। जहां करीब एक साल से सौ घरों में रोशनी नहीं पहुंची हैं। ग्रामीणों की सुविधा के लिए खोजनपुर गांव के एक ईंट भट्ठे के पास 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है। जो करीब एक साल से खराब पड़ा है। जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते उपभोक्ताओं की शिकायत के बावजूद भी ट्रांसफॉर्मर बदला नहीं गया है। जिसके चलते ग्रामीणों में खासा आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीण भोला प्रसाद, समसाद अहमद, मो हाफिज, घनश्याम, मथुरा, सोहनलाल, अरुण पाल, बब्लू पाल, पप्पू मिश्रा, आदि ने बताया कि करीब पचास घरों की विद्युत आपूर्ति के लिए खोजन पुर गांव के एक ईंट भट्ठे के पास 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है। जो करीब एक वर्ष पूर्व खराब हो गया। उपभोक्ताओं ने इसकी लिखित शिकायत उपखंड अधिकारी से लेकर अधिशासी अभियंता व 1912 के टोलफ्री नंबर पर दी। जिसके बाद अधिकारियों द्वारा जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलने का भरोसा दिलाया।

एक साल का लंबा समय गुजर जाने के बाद भी ट्रांसफॉर्मर बदला नहीं गया। नतीजा उपभोक्ताओं ने बांस बल्लियों के सहारे दूसरे ट्रांसफॉर्मर से बिजली का कनेक्शन लेकर बिजली जला रहे हैं। जो किसी भी समय घातक साबित हो सकता है। इस बाबत विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर जलने की जानकारी नहीं है। जांच कराकर अतिशीघ्र ट्रांसफॉर्मर को बदलवाया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-बाराबंकी: होली मनभेद दूर करने और एक दूसरे को करीब लाने का पर्व, जायसवाल समाज का होली मिलन समारोह

संबंधित समाचार