Oscar 2022 : ऑस्कर पुरस्कार समारोह में दिखा यूक्रेन के प्रति समर्थन, 30 सेकेंड का मौन रखकर किया युद्ध का विरोध
लॉस एंजिलिस (अमेरिका)। ऑस्कर पुरस्कार समारोह में रूसी हमले का सामना कर रहे यूक्रेन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए 30 सेकेंड का मौन रखा गया। यूक्रेन में जन्मी मिला कुनिस ने रविवार रात आयोजित अकादमी पुरस्कार समारोह की शुरुआत में यूक्रेन के प्रति एकजुटता दिखाते हुए एक भावुक भाषण दिया। वहीं, पुरस्कार समारोह के …
लॉस एंजिलिस (अमेरिका)। ऑस्कर पुरस्कार समारोह में रूसी हमले का सामना कर रहे यूक्रेन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए 30 सेकेंड का मौन रखा गया। यूक्रेन में जन्मी मिला कुनिस ने रविवार रात आयोजित अकादमी पुरस्कार समारोह की शुरुआत में यूक्रेन के प्रति एकजुटता दिखाते हुए एक भावुक भाषण दिया। वहीं, पुरस्कार समारोह के बीच में अचानक स्क्रीन काली हो गई और उस दौरान स्क्रीन पर एक संदेश आया, जिसमें युद्धग्रस्त देश में मदद भेजने के लिए हर संभव प्रयास करने की अपील की गई।
यूक्रेन का साथ दें
स्क्रीन पर लिखा था, ‘‘ हम यूक्रेन के लोगों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कुछ क्षण के लिए मौन रखना चाहते हैं, जो वर्तमान में अपनी सीमाओं के भीतर आक्रमण का सामना कर रहा है। फिल्म, संघर्ष के समय में मानवता का संदेश देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, वास्तविकता यह है कि यूक्रेन में लाखों परिवारों को भोजन, चिकित्सा देखभाल, स्वच्छ पेयजल और आपातकालीन सेवाओं की आवश्यकता है। वहां संसाधन दुर्लभ हैं और हम सामूहिक रूप से एक वैश्विक समुदाय के रूप में और अधिक मदद कर सकते हैं।’’ अंत में लिखा था, ‘‘ हम आपसे किसी भी तरह से यूक्रेन का समर्थन करने की अपील करते हैं। यूक्रेन का साथ दें।’’ कुछ लोग समारोह में यूक्रेन के झंडे के रंग के नीले तथा सुनहरे रिबन पहनकर पहुंचे।
रूसी बलों का सामना करने की तैयारी
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से यूक्रेन की और मदद करने का आह्वान किया। – यूक्रेन ने काला सागर पर ओडेसा शहर में रूसी बलों का सामना करने की तैयारी की। – युद्ध से यूरोप के ऊर्जा स्वतंत्रता, जलवायु लक्ष्य प्रभावित। – अमेरिका द्वारा वित्त पोषित मानवीय संगठन यूक्रेन में हजारों लोगों के लिए आवश्यक दवाएं भेज रहे हैं।
तुर्की में व्यक्तिगत बैठक एक अवसर है
ल्वीव (यूक्रेन)- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रविवार को राष्ट्र के नाम एक वीडियो संदेश में कहा कि इस सप्ताह तुर्की में यूक्रेन-रूस वार्ता में यूक्रेन की प्राथमिकता अपनी ‘‘संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता’’ पर जोर देना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘ हम बिना किसी विलंब के शांति बहाल करना चाहते है। तुर्की में व्यक्तिगत बैठक एक अवसर है। यह बुरा नहीं है। देखते हैं कि बैठक से क्या निकलकर आता है।’’ इस बीच, ल्वीव के गवर्नर यूरी पोहुलाइको ने बताया कि रविवार रात वोलिन के सुदूर उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में रॉकेट ने एक तेल संयंत्र को निशाना बनाया।
नाटो का रूस में सत्ता परिवर्तन का लक्ष्य नहीं
बर्लिन (जर्मनी)-जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कॉल्ज़ ने कहा कि न तो उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और न ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन का लक्ष्य रूस में सत्ता परिवर्तन करना है। बाइडेन ने शनिवार को एक भाषण में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बारे में कहा था कि ‘‘ यह शख्स सत्ता में नहीं रह सकता।’’ इसके बाद, व्हाइट हाउस और अन्य अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि बाइडेन असल में पुतिन को बेदखल करने के बारे में बात नहीं कर रहे थे। पुतिन को हटाने वाले बयान के संबंध में किए सवाल पर स्कॉल्ज़ ने कहा, ‘‘ न तो नाटो और न ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन का लक्ष्य रूस में सत्ता परिवर्तन करना है। हम दोनों इस पर पूरी तरह सहमत हैं कि शासन परिवर्तन उस नीति का उद्देश्य नहीं है, जिसका पालन हम दोनों कर रहे हैं।’’ बाइडन के ऐसा बयान देने से एक बड़ी गलती करने के सवाल पर चांसलर ने कहा, ‘‘ नहीं, ऐसा नहीं है।’’ वहीं, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बाइडन के बयान से दूरी बना ली। उन्होंने कहा, ‘‘ हमें तथ्यों की बात करनी चाहिए..वह सब कुछ करना चाहिए, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो।’’
तुर्की के राष्ट्रपति ने किया क्षेत्र में मानवीय स्थिति में सुधार का आह्वान
तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने रविवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर बात की और यूक्रेन में संघर्ष विराम की आवश्यकता पर बल दिया। एर्दोआन के राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में बताया कि तुर्की के राष्ट्रपति ने क्षेत्र में मानवीय स्थिति में सुधार का भी आह्वान किया। दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच अगली बैठक इस्तांबुल में हो। हालांकि, इस संबंध में अन्य कोई जानकारी नहीं दी गई।
यूक्रेन के प्रति एकजुटता
वॉरसॉ (पोलैंड)-वॉरसॉ में रविवार को हाफ-मैराथन के 16वें संस्करण में यूक्रेन के प्रति एकजुटता व्यक्त की गई।
परमाणु आपदा की आशंका
रोम (इटली) –यूक्रेन के ऊर्जा मंत्री ने कहा कि चेर्नोबिल और ज़ापोरिझिया में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों पर रूसी टैंकों से हमले किए जाने के बाद अभी तक रेडियोधर्मी विकिरण के रिसाव का पता नहीं चला है। हालांकि, परमाणु आपदा की आशंका अब भी बनी है।
ये भी पढ़ें : Russia-Ukraine War : तुर्की में चर्चा करने जा रहे हैं रूस और यूक्रेन, जेलेंस्की ने कहा- हम बिना किसी विलंब के शांति चाहते हैं
