लखनऊ: मांगों को लेकर उप मुख्यमंत्री से मिले लोहिया संस्थान के कर्मचारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से हटाए गए कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आज प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मिले। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने संस्थान में समायोजन को लेकर उप मुख्यमंत्री से अपील की है। बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की बात सुनी तथा पूरे मामले की जांच करने …

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से हटाए गए कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आज प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मिले। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने संस्थान में समायोजन को लेकर उप मुख्यमंत्री से अपील की है। बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की बात सुनी तथा पूरे मामले की जांच करने की बात कही है।

दरअसल, कल यानी गुरुवार को लोहिया संस्थान से हटाए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के काम करने का आखरी दिन है, लोहिया संस्थान प्रशासन ने कोरोना काल के दौरान रखे गए करीब 200 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को हटाने के निर्देश कुछ दिन पूर्व ही दे दिए थे, संस्थान प्रशासन की तरफ से इन कर्मचारियों को 31 मार्च तक अपनी सेवाएं जारी रखने को कहा गया था, जैसे ही इस बात की जानकारी इन कर्मचारियों को हुई, उसके बाद से ही इन 200 कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

हटाए गए आउटसोर्सिंग कर्मचारी तब से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और लोहिया संस्थान में समायोजन की मांग कर रहे हैं, इसके लिए इन कर्मचारियों ने लोहिया अस्पताल प्रशासन से कई बार वार्ता भी की है, लेकिन कोई निष्कर्ष ना निकलने पर उप मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है।

कर्मचारियों का कहना है कि पिछले 2 वर्षों तक अपनी जान जोखिम में डालकर महामारी के दौरान मरीजों की सेवा की है, हटाए गए स्वास्थ्य कर्मचारियों का आरोप है कि दूसरी तरफ संस्थान में पिछले दिनों से स्टाफ नर्स तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती के लिए इंटरव्यू चल रहा है, जबकि इन्हीं पदों पर कोविड कर्मचारी कार्यरत थे, कर्मचारियों का कहना है कि संस्थान द्वारा इस प्रकार का सौतेला रवैया युवाओं के लिए हित में नहीं है। आरोप तो यहां तक है कि केशव सिक्योरिटी सर्विसेज द्वारा नियुक्ति में शासन द्वारा जारी जेम पोर्टल संबंधी शासनादेश का उल्लंघन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: महज 24 घंटे शेष, अबतक पूरी नहीं हुई अयोग्य व दागी पुलिस कर्मियों की स्क्रीनिंग

संबंधित समाचार