उन्नाव: गलियारे में मिला युवक का रक्तरंजित शव, ग्रामीणों के उड़े होश, जांच में जुटी पुलिस
औरास/उन्नाव। थाना क्षेत्र के बैरी गांव में शनिवार सुबह ग्रामीणों के होश उस समय उड़ गए जब उन्हें गलियारे में एक युवक का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। शव के पास ही एक खुला तमंचा, मोबाइल व टार्च भी बरामद हुई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड ने भी साक्ष्य संकलन …
औरास/उन्नाव। थाना क्षेत्र के बैरी गांव में शनिवार सुबह ग्रामीणों के होश उस समय उड़ गए जब उन्हें गलियारे में एक युवक का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। शव के पास ही एक खुला तमंचा, मोबाइल व टार्च भी बरामद हुई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड ने भी साक्ष्य संकलन किया। बाद इसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हत्या व आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
औरास थाना क्षेत्र के वैरी गांव निवासी संजय (32) स्व. सुखलाल रावत का दिल्ली मे रहकर मजदूरी करता था। दो दिन पहले ही वह गांव आया था। शनिवार सुबह गांव के पश्चिम दिशा के गलियारे में उसका शव खून से लथपथ पड़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शव के एक तरफ उसका मोबाइल व टार्च पड़ी थी। जबकि दूसरी तरफ 315 बोर का खुला तमंचा पड़ा था। गोली दांयी कनपटी पर लगी जिससे उसका भेजा उड़ गया। मंझिले भाई सरजू ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बांगरमऊ क्षेत्राधिकारी विक्रमजीत सिंह व थानाध्यक्ष संजीव कुमार शाक्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरागकशी के लिए फील्ड यूनिट व डॉ स्क्वायड को भी बुलाया। टीमों ने साक्ष्य संकलन किया। आवश्यक जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक तीन भाईयों में सबसे छोटा था। जिनमें शिवनंदन सबसे बड़ा व दूसरे नंबर का सरजू है। संजय की मौत पर उसकी पत्नी सुमित्रा व बेटा समेत परिजन रो रोकर बेहाल है।थानाध्यक्ष संजीव कुमार शाक्य ने बताया कि मृतक के भाई सरजू ने घटना के सम्बन्ध में तहरीर दी है। प्रारंभिक जांच पड़ताल में आत्महत्या की बात ही निकल कर आ रही है।
शव के दांयी तरफ तमंचा तो बांई तरफ पड़े मिले मोबाइल व टार्च
ग्रामीणों के मुताबिक संजय दांये हाथ का ही प्रयोग ज्यादातर करता था। गोली भी उसकी दांयी कनपटी पर ही लगी। जबकि मोबाइल व टार्च शव के बांई ओर पड़ा मिला। अमूमन लोग मोबाइल की टार्च ही इस्तेमाल करते हैं। सवाल यह खड़ा होता है कि वह टार्च लेकर क्यों निकला था?
स्निफर डॉग मृतक के घर पर रुका
सुरागकशी के लिए पहुंचा पुलिस का स्निफर डॉग घटना स्थल से गांव की तरफ भागा और मृतक के घर पर जाकर रूका।
पत्नी से युवक की चल रही थी अनबन
ग्रामीणों के मुताबिक संजय ने तकरीबन 14 साल पहले प्रेम विवाह किया था। बीते तकरीबन डेढ साल से किसी बात को लेकर उसकी पत्नी सुमित्रा से अनबन चल रही थी।
ग्रामीणों में होती रही हत्या किए जाने की चर्चाएं
पुलिस भले ही घटना को आत्महत्या मान रही हो लेकिन मौके के हालातों को लेकर लोगों में उसकी हत्या किए जाने की चर्चाएं भी रही। ग्रामीणों का तर्क था कि यदि कोई खुद की कनपटी से सटाकर गोली मारेगा तो तमंचा उसके हाथ में या बहुत नजदीक होगा। जबकि असलहा शव से तकरीबन एक हाथ से अधिक दूर खुला हुआ मिला जो संदेह का कारण है। हलांकि इस पर थानाध्यक्ष का तर्क है कि कोई बाइक तमंचे पर चढ़ गयी थी जिससे वह खुल गया होगा।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: छोटी सी चिंगारी बनी विकराल, खेत में लगी भीषण आग से 12 बीघा फसल जलकर हुई राख
