हरदोई: रामऔतार हत्याकांड का खुलासा, पैसा मांगने पर की गई थी सिर कुचल कर हत्या
हरदोई। किसी दूसरे की मदद कर रहे रामऔतार को उम्मीद नहीं थी कि जिन्हें वह अपना समझ रहा है, वहीं उसकी जान के दुश्मन बन बैठेंगे। साण्डी पुलिस ने उधार के 2150 रुपए मांगने पर सिर कुचल कर हत्या करने वाले हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी राजेश द्विवेदी ने मीडिया के सामने इसका खुलासा …
हरदोई। किसी दूसरे की मदद कर रहे रामऔतार को उम्मीद नहीं थी कि जिन्हें वह अपना समझ रहा है, वहीं उसकी जान के दुश्मन बन बैठेंगे। साण्डी पुलिस ने उधार के 2150 रुपए मांगने पर सिर कुचल कर हत्या करने वाले हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी राजेश द्विवेदी ने मीडिया के सामने इसका खुलासा किया है।
एसपी द्विवेदी ने बताया कि कोतवाली शहर के राजेपुर निवासी रामरतन पुत्र सूबेदार ने साण्डी पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि साण्डी कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी उसके साले रामऔतार की मण्डी के पास रानी के बाग में हत्या कर दी गई। शव वहीं पर पड़ा हुआ है। तहरीर मिलते ही साण्डी एसएचओ बालकृष्ण मिश्रा अपनी टीम के साथ छान-बीन करने में जुट गए।
पुलिस की पूछ-ताछ में दोनों टूट गए
एसपी और सीओ बिलग्राम की गाइडलाइन पर चलते हुए मुखबिर की मदद से रविवार की सुबह वहीं कस्बे में तालाब के पास से मुंशीगंज के मनोज पुत्र मुन्ना और राजीव पुत्र पट्टे को हिरासत में ले कर उनसे पूछ-ताछ की। पुलिस की पूछ-ताछ में दोनों टूट गए। राजीव ने कुबूल किया कि रामऔतार ने अपनी बुआ के लड़के बड़कौनू से धंधे के लिए पांच हज़ार रुपए बतौर उधार दिलाए थे। राजीव ने मुनाफे के तौर पर पांच सौ रुपए बढ़ा कर देने को कहा था। राजीव ने उन रुपयों से कोयला खरीदा और धंधा शुरू कर दिया। उसने कुछ रुपए वापस कर दिए। 2150 रुपए बकाया रह गए थे।
एसपी द्विवेदी ने बताया कि रामऔतार राजीव से अपने रुपए मांग रहा था। वारदात वाले दिन राजीव और मनोज दोनों बाग में रह रहे रामऔतार के पास पहुंचे। वहां भी उसने अपने रुपए मांगे। इसी बात पर राजीव और मनोज ने रोज़-रोज़ की खट-खट से तंग आकर किस्सा तमाम करने का फैसला लेते हुए डंडे और ईंट से ताबड़तोड़ वार करते हुए रामऔतार की वहीं सिर कुचल कर हत्या कर दी। इसके बाद खून से सनी ईंट को बबूल के पेड़ के नीचे छिपा कर दोनों वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने आला कत्ल ईंट और डंडा बरामद कर लिया
एसपी ने बताया है कि पुलिस ने आला कत्ल ईंट और डंडा बरामद कर लिया है। हत्यारों को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ श्री मिश्रा के अलावा एसआई मुकुल कुमार दुबे,हेड कांस्टेबिल रजनेश कुमार, कांस्टेबिल आलोक कुमार,बंटी कुमार व साकेत सुमन सिंह शामिल है।
पढ़ें-गांगुली सौरव ने कहा- भारतीय कोच के रूप में शानदार भूमिका निभाएंगे द्रविड़
