अहम विषयों की परीक्षा को देखते हुए यूपी बोर्ड हुआ सख्त, दिया यह निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में अहम विषयों की परीक्षायें सोमवार को शुरू हो जायेंगी। इससे पहले ही रविवार को विभाग के उच्च अधिकारियों ने बैठक कर परीक्षा में पारदर्शिता को लेकर चर्चा की और अपर मुख्य सचिव माध्यमिक आरधना शुक्ला ने सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को आदेश जारी करते हुए कहा …

लखनऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में अहम विषयों की परीक्षायें सोमवार को शुरू हो जायेंगी। इससे पहले ही रविवार को विभाग के उच्च अधिकारियों ने बैठक कर परीक्षा में पारदर्शिता को लेकर चर्चा की और अपर मुख्य सचिव माध्यमिक आरधना शुक्ला ने सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को आदेश जारी करते हुए कहा कि केन्द्रों पर सख्त निरीक्षण किया जाये। सोमवार को यूपी बोर्ड की परीक्षा में सुबह की पाली में हाईस्कूल विज्ञान शाम की पाली में इंटर जीव विज्ञान की परीक्षा होनी है।

इन मुख्य परीक्षाओं को लेकर प्रशासन, पुलिस व शिक्षा विभाग चौकन्ने हैं। पेपरों व कापियों की विशेष सुरक्षा की जा रही है। केंद्र व्यवस्थापक से लेकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट व सुपर जोनल मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी पूरी नजर रखेंगे। वहीं कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों से सीसीटीवी जोड़कर निगरानी रखी जाएगी। राजधानी समेत प्रदेश में भर में करीब 52 लाख परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। लखनऊ में जेल सहित 127 परीक्षा केन्द्रं और प्रदेश भर में 8373 केन्द्रे बने हुए हैं।

केन्द्रों पर भेजे गये प्रश्नपत्र

अधिकारियों ने बताया कि रविवार की शाम को सभी परीक्षा केंद्रों पर पेपर पहुंचाने का काम किया गया। कापियां पहले ही केंद्रों पर पहुंचाई जा चुकी हैं। इन पेपर और कापियों की सुरक्षा के लिए हर केंद्र पर दो आरक्षी और दो होमगार्ड या पीआरडी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

बाकी बचे सभी विषयों की परीक्षा से पूर्व बैठक अनिवार्य

अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला ने कहा कि अब जिन विषयों की परीक्षा होना बाकी है, उस विषय की परीक्षा से एक दिन पहले हर बार प्रशासनिक बैठक की जाये। इसमें अगले की दिन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी को जानकारी जरूर दी जाये।

परीक्षा से पहले रात्रि में औचक निरीक्षण के निर्देश

बलिया में पेपर लीककांड का सबक लेते हुए विभाग कोई लापरवाही नहीं चाहता है, इसी को देखते हुए अहम विषयों की परीक्षा लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैैं। संवेदनशील परीक्षा तारीखों से पहले रात में आकस्मिक निरीक्षण करके प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए गये हैं।

इन अहम विषयों की परीक्षा अभी बाकी

चार अप्रैल को विज्ञान, छह को अंग्रेजी, नौ को सामाजिक विज्ञान और 12 को गणित की परीक्षा है। ऐसे ही इंटर की चार अप्रैल को जीव विज्ञान व गणित, सात को भौतिक विज्ञान और 11 को रसायन विज्ञान की परीक्षा है।

यह भी पढ़ें:-हल्द्वानी: खत लिखकर फंदे से लटका फार्मासिस्ट, जंगल में मिला शव

संबंधित समाचार