लखनऊ: फर्जी कॉल सेंटर बनाकर इंश्योरेंस के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने फर्जी कॉल सेंटर बनाकर इंश्योरेंस के नाम पर करीब 200 लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले शातिर गिरोह के तीन सदस्यों को लखनऊ के गुडम्बा कोतवाली अंतर्गत कुर्सी रोड स्थित अवधपुरम सोसाइटी से गिरफ्तार किया है। इनमें अवधपुरम निवासी गिरोह सरगना प्रिया सिंह, उसका पति अंकित सिंह व बहराइच निवासी …

लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने फर्जी कॉल सेंटर बनाकर इंश्योरेंस के नाम पर करीब 200 लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले शातिर गिरोह के तीन सदस्यों को लखनऊ के गुडम्बा कोतवाली अंतर्गत कुर्सी रोड स्थित अवधपुरम सोसाइटी से गिरफ्तार किया है। इनमें अवधपुरम निवासी गिरोह सरगना प्रिया सिंह, उसका पति अंकित सिंह व बहराइच निवासी अनुज गौड़ शामिल है। प्रिया व अंकित अपने घर में ही कॉल सेंटर संचालित करते थे।

मैक्स इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर जमा करवाते थे प्रीमियम

प्रिया ने बताया कि उसने और अंकित ने मिलकर वर्ष 2017 में फर्जी कॉल सेंटर खोला था। प्रिया कॉलिंग करती थी, जबकि अंकित फर्जी बैंक अकाउंट खोलने व एटीएम से रुपए निकालने का काम करता था। वर्ष 2018 में एक युवक से ठगी के मामले में दोनों को जेल हुई थी, पर तीन महीने बाद ही जमानत पर बाहर आ गए। वर्ष 2019 में घर से ही कॉल सेंटर शुरू कर दिया। दोनों मैक्स इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर लोगों को कॉल कर लकी ड्रॉ की स्कीम बताते थे और प्रीमियम राशि ट्रांसफर करा लेते थे। प्रिया ने बताया कि वे अबतक करीब 200 लोगों से लगभग एक करोड़ रुपए जमा करा चुके हैं। पूर्व के कॉल सेंटर से ही वे लोग कांटैक्ट डाटा चुराकर लाए थे।

कई नामी लोग भी हो सकते हैं गिरफ्तार

एसटीएस ने बताया कि अंकित द्वारा करीब 120 फर्जी बैंक अकाउंट खुलवाए गए हैं और करीब 100 फोन और 200 फर्जी सिम का इस्तेमाल किया गया है। फर्जी आईडी पर सिम उपलब्ध कराने में वोडाफोन का सिम कार्ड प्रमोटर अनुज गौड़ मदद करता था, जो मुंशी पुलिया के सामने कैनोपी लगाकर सिम बेचता है। एसटीएफ पता कर रही है कि कस्टमर डाटा बेस लीक कराने, फर्जी बैंक अकाउंट खोलने, फर्जी सिम उपलब्ध कराने, इंश्योरेंस कंपनी की इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी पॉलिसी/ऑडिट में किन लोगों ने सहयोग किया है। उक्त सभी को भी गिरफ्तार किया जाएगा। प्राप्त डेटा का फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें; अहम विषयों की परीक्षा को देखते हुए यूपी बोर्ड हुआ सख्त, दिया यह निर्देश

 

संबंधित समाचार