बरेली: एएनएम ने खाया जहरीला पदार्थ, पूर्व सीएमओ पर अभद्रता का आरोप
बरेली/बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर के गांव तिवरिया में गर्भवतियों का टीकाकरण कर रही एएनएम ने जहरीला पदार्थ खा लिया। एएनएम ने पूर्व सीएमओ पर कार्य में बाधा डालने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। एएनएम की हालत गंभीर बनी हुई है। चौकी चौराहा के पास रहने वाली नेहा सिंह बिथरी चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य …
बरेली/बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर के गांव तिवरिया में गर्भवतियों का टीकाकरण कर रही एएनएम ने जहरीला पदार्थ खा लिया। एएनएम ने पूर्व सीएमओ पर कार्य में बाधा डालने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। एएनएम की हालत गंभीर बनी हुई है।
चौकी चौराहा के पास रहने वाली नेहा सिंह बिथरी चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम हैं। शनिवार को वह तिवरिया गांव में गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण कर ही थीं। पूर्वाह्न करीब 11 बजे गांव के ही प्रधान के साथ कई लोग वहां पहुंचे और एएनएम से टीकाकरण संबंधी जानकारी लेने लगे। आरोप है कि तिवरिया गांव के प्रधान स्वतंत्र पटेल के साथ सुधीर कुमार गर्ग नाम का युवक भी पहुंचा। वह खुद को पूर्व सीएमओ बता रहा था। उसने एएनएम से ठीक से टीकाकरण न करने की बात कही और अभद्रता भी की। जब विरोध किया तो सभी लोग वहां से चले गए। एएनएम ने सीएचसी प्रभारी से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
नेहा के पति नागेंद्र ने बताया कि शनिवार की घटना के बाद से ही नेहा ने घर पर किसी से बात नहीं की। जब वह शाम को किसी कार्य से घर के बाहर गए तो नेहा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घर आकर देखा तो वह बेहोश थी और उसे तुंरत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वर्जन:
गांव के प्रधान मेरे परिचित हैं, उनके बुलाने पर मैं गांव गया था। प्रधान के साथ ही टीकाकरण की जानकारी एएनएम से ली थी। काफी लोग मौजूद थे। मेरी ओर से कोई भी अभद्र व्यवहार नहीं किया गया। जो भी आरोप एएनएम की ओर से लगाए गए हैं वह निराधार हैं।
–डॉ. सुधीर कुमार गर्ग, पूर्व सीएमओ
मैंने डॉ. सुधीर कुमार गर्ग को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी लेने के मकसद से बुलाया था। उन्होंने सिर्फ एएनएम को सही जानकारी दी, किसी भी प्रकार की अभद्रता नहीं की। —– स्वतंत्र पटेल, प्रधान तिवरिया गांव
एएनएम ने लिखित शिकायत की है। उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। निर्देशों के आधार पर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
–डॉ. अमित गंगवार, प्रभारी चिकित्साधिकारी, बिथरी चैनपुर
