महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदेशभर में किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा
लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई पर सरकार द्वारा नियंत्रण न किये जाने को लेकर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया और अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि केन्द्र में लगभग आठ वर्षों से शासन कर रही भाजपा की जन विरोधी, आर्थिक नीतियों से …
लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई पर सरकार द्वारा नियंत्रण न किये जाने को लेकर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया और अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि केन्द्र में लगभग आठ वर्षों से शासन कर रही भाजपा की जन विरोधी, आर्थिक नीतियों से लोगों में तंगी, प्रदेश एवं देश में बढ़ती बेरोजगारी, किसानों की बदहाल स्थित, लोगों में गम्भीर आर्थिक संकट हो गया है।
पार्टी ने राष्ट्रपति से सरकार को चेताने का अनुरोध किया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता कृष्णकांत पाण्डेय ने सोमवार को कहा कि महंगाई से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है और सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है। ऐसे में जनहित के मुद्दे को सरकार तक पहुंचाना तथा गूंगी बहरी सरकार को एहसास कराना पार्टी अपना नैतिक कर्तव्य समझती है। क्योंकि हमेशा जन सरोकार के लिए कांग्रेस अग्रणी रही है।
इसी क्रम में कांग्रेस ने 31 मार्च से 7 अप्रैल तक ‘‘ महंगाई मुक्त भारत अभियान’’ कार्यक्रम तीन चरणों में आयोजित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। दूसरे चरण में 2 अप्रैल से लेकर 4 अप्रैल 2022 तक ब्लॉक एवं जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन जारी है। उसी क्रम में आज प्रदेश के तमाम ब्लाक जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन हुआ। उन्होंने बताया कि आगामी 7 अप्रैल को प्रदेश मुख्यालय पर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन संभावित है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: ठेले पर मरीज ले जाने के मामले में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सख्त, कार्रवाई के दिए आदेश
