भारतीय हॉकी के इतिहास में यूपी के खिलाड़ियों का विशेष योगदान: मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय हॉकी के गौरवशाली इतिहास में प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों का उल्लेखनीय योगदान है। प्रदेश सरकार खेल एवं खिलाड़ियों के हित को ध्यान में रखते हुए मेरठ में ‘मेजर ध्यानचन्द स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी’ की स्थापना को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत महत्वपूर्ण नहीं होती …
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय हॉकी के गौरवशाली इतिहास में प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों का उल्लेखनीय योगदान है। प्रदेश सरकार खेल एवं खिलाड़ियों के हित को ध्यान में रखते हुए मेरठ में ‘मेजर ध्यानचन्द स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी’ की स्थापना को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत महत्वपूर्ण नहीं होती है, बल्कि खेल भावना एवं खेल के प्रति जोश महत्वपूर्ण होता है। खेल जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा तथा नये अवसर प्रदान करता है।
पद्मश्री मो. शाहिद हॉकी स्टेडियम में केडी सिंह ‘बाबू’ मेमोरियल सोसाइटी द्वारा आयोजित 32वीं अखिल भारतीय केडी सिंह बाबू मेमोरियल सब जूनियर (अण्डर-14) प्राइज मनी हॉकी प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने सभी को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुये कहा कि खिलाड़ी जब खेल के मैदान में खेलता है तो वह खिलाड़ी केवल अपने लिए नहीं खेलता, बल्कि वह देश के लिए खेलते हुए बहुत से संदेश देकर जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉकी के प्रति हम सबके मन में गौरव की अनुभूति होनी चाहिए और इसके विकास के लिए हम सबको कार्य करने होंगे, क्योंकि उत्तर प्रदेश हॉकी की आधार भूमि रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी जिलों में स्टेडियम व मिनी स्टेडियम निर्मित करा रही हैं। प्रदेश में अब तक 76 स्टेडियम, 68 बहुउद्देश्यीय हॉल, 39 तरण ताल, 13 सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम, 2 सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, 2 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, 11 सिंथेटिक टेनिस कोर्ट, 2 जूडो हॉल, 11 कुश्ती हॉल, 6 शूटिंग रेंज, 2 इनडोर वॉलीबॉल हॉल, 11 वेट लिफ्टिंग हॉल, 16 सिंथेटिक बास्केट बॉल कोर्ट, 36 अत्याधुनिक जिम उपकरण, 18 छात्रावास भवन, 19 डॉरमेट्री का निर्माण कराया जा चुका है। प्रदेश में 3 स्पोर्ट्स कॉलेज-लखनऊ, गोरखपुर एवं सैफई में संचालित करते हुए खिलाड़ियों को खेल का बेहतर वातावरण व अवसर उपलब्ध कराया जा रहा हैं।
कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री ने 32वीं अखिल भारतीय सब जूनियर (अण्डर-14) प्राइज मनी हॉकी प्रतियोगिता की विजेता टीम फ्लिकर हरियाणा तथा उप विजेता टीम यूपी ग्रेस के साथ ही तृतीय और चतुर्थ स्थान पर रही हॉकी हरियाणा तथा नवल टाटा हॉकी एकेडमी, ओडिसा के सभी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। साथ ही, उन्होंने प्रदेश और देश के विभिन्न हॉकी ओलम्पिक खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनायें दी।
यह भी पढ़ें:-SRH vs LSG, IPL 2022: रोमांचक मुकाबले में लखनऊ ने हैदराबाद को 12 रनों से किया पराजित
