लखनऊ: यहियागंज में बिजली के तारों में हो रहे शॉर्ट सर्किट से व्यापारी परेशान, बिजली विभाग पर लगाया यह गंभीर आरोप
लखनऊ। राजधानी के यहियागंज बाजार में बिजली विभाग की लापरवाही व्यापारियों व आम लोगों के लिए जान की आफत बनती जा रही है। बिजली के खुले तारों के मकड़जाल से बीते 24 घंटे में दो बार शॉर्ट सर्किट हो चुका है, इतना ही नहीं मंगलवार को यहियागंज व्यापार मंडल के सामने एबीसी विद्युत लाइन जल …
लखनऊ। राजधानी के यहियागंज बाजार में बिजली विभाग की लापरवाही व्यापारियों व आम लोगों के लिए जान की आफत बनती जा रही है। बिजली के खुले तारों के मकड़जाल से बीते 24 घंटे में दो बार शॉर्ट सर्किट हो चुका है, इतना ही नहीं मंगलवार को यहियागंज व्यापार मंडल के सामने एबीसी विद्युत लाइन जल जाने से कई घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। जिसके चलते व्यापारियों को गर्मी के समय भारी समस्या का सामना करना पड़ा।
यहियागंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि लगातार तीन दिन से एबीसी लाइन कहीं ना कहीं फाल्ट हो रही थी, जिसके बाद आज नादान महल रोड एसडीओ ने मौके पर पहुंच कर कर्मचारियों को निर्देश देते हुए जल्द से जल्द लाइन चालू करने के निर्देश दिए हैं।
अमरनाथ मिश्रा ने कहा कि बाजार के भीतर से कई धार्मिक यात्राएं निकलती हैं जिस तरीके से बिजली विभाग के लोग काम कर रहे हैं, लाइन को नंगे तारों से इधर से उधर क्रास करना यह खतरनाक है, इसे जल्द से जल्द सही किया जाए और तारों के मकड़जाल को समाप्त किया जाए।
यहियागंज व्यापार मंडल के कुश मिश्रा ने बताया 3 तारीख को यहियागंज पुलिस चौकी के सामने एबीसी लाइन जली हुई थी, 4 तारीख को लगभग 5 बजे व्यापार मण्डल कार्यालय के पास आग लग गई थी, जिसे लाइन बंद करके बुझाया गया था, जिस पर रात में लगभग 11 बजे विद्युत आपूर्ति चालू हो पाई थी।
जुगाड़ से किए गए काम के कारण आज सुबह पुनः उसी जगह पर आग लग गई, जिसे तत्काल प्रभाव से लाइट काटनी पड़ी। उन्होंने बताया कि यहियागंज बाजार एक घना बाजार है, यहां पर इस तरीके की घटना कभी भी बड़ा रूप ले सकती है। युवा अध्यक्ष कुश मिश्रा ने कहा कि रेडीमेड सीजन का कारोबार चल रहा है उस समय 4-5 घंटे लाइट बन्द होने पर कारोबार प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें: सीतापुर: मस्जिद के गुंबद को अवैध बता धरने पर बैठे बजरंग दल के लोग, सहमति से गिराया गया
