सीतापुर: बाइक सवार ने बालिका को मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत
सीतापुर। थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम घर के दरवाजे पर खेल रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे बालिका गंभीर रुप से घायल हो गयी। परिजन उसे फौरन अस्पताल ले गये। जहां इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। घटना की सूचना रेउसा पुलिस …
सीतापुर। थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम घर के दरवाजे पर खेल रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे बालिका गंभीर रुप से घायल हो गयी। परिजन उसे फौरन अस्पताल ले गये। जहां इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। घटना की सूचना रेउसा पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच कर आवशयक कार्रवाई की जाएंगी।
रेउसा थाना क्षेत्र के ढेनुवा गांव निवासी अरविंद कुमार की पांच वर्षीय पुत्री आकांक्षी सड़क के किनारे स्थित घर के सामने खेल रही थी। तभी सेमरा कुशमौरा गांव निवासी एक युवक बाइक पर सवार होकर रेउसा जा रहा था। बालिका के पास पहुंचने पर बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बालिका गंभीर रूप से घायल हो गयी। घटना के बाद चालक वाहन सहित भाग निकला।
हादसे के बाद फौरन परिवारजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलावस्था में परिजनों के द्वारा बालिका को कुशमौरा में किसी प्राइवेट क्लीनिक पर भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद मासूम बच्ची की हालत में सुधार न होने के कारण रेफर कर दिया।
इस पर परिजनों ने आनन-फानन में बालिका को रेउसा में किसी निजी अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। जहां मासूम बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में एक कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की सूचना रेउसा पुलिस को दे दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर-टाली पलटले से चार घायल
वहीं कोतवाली क्षेत्र के महमूदाबाद मार्ग पर सिंघनामऊ चौराहे के निकट बाइक सवार को बचाने के चक्कर में एक ट्रैक्टर ट्राली पलटने से बाइक सवार सहित चार लोग घायल हो गए।घायलों में दो की गम्भीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया।
शेखुवापुर टिकैतगंज जिला बाराबंकी निवासी मनोज के बेटे तूफान का नैमिषारण्य से मुंडन संस्कार संपन्न करवा कर वापस लौट रही ट्रैक्टर-ट्राली के सामने सिंघनामऊ चौराहे के निकट एकाएक संजय शुक्ल 27 वर्ष निवासी कुर्सी थाना संदना की बाइक आ जाने से ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से वह दूर जा गिरा। उसे बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
जिसमें सवार अंजली 12 वर्ष निवासी शेखवापुर थाना घुँघटेर जिला बाराबंकी, अर्पित 12 वर्ष निवासी सरसावां थाना बड़डूपुर जिला बाराबंकी व विमलावती 55 वर्ष पत्नी देशराज निवासी सरखुवां थाना कुर्सी जिला बाराबंकी घायल हो गए। सभी घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी सिधौली लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बाइक सवार संजय व अंजली की गम्भीर हालत के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें: आईटीएन मच्छरदानी का उपयोग करें, मच्छरजनित बीमारियों से बचें: डॉ. बाजपेयी
