लखीमपुर-खीरी: संदिग्ध हालात में युवक का मिला क्षत-विक्षत शव

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में घास काटने गए युवक का क्षत विक्षत शव गांव के ही निकट एक आम के बाग में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर जंगली पशुओं के पगचिह्न मिले हैं। शव का पेट आदि फटा होने से आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत हिंसक …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में घास काटने गए युवक का क्षत विक्षत शव गांव के ही निकट एक आम के बाग में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर जंगली पशुओं के पगचिह्न मिले हैं। शव का पेट आदि फटा होने से आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत हिंसक पशु के हमले से हुई है। परिवार वालों ने किसी भी रंजिश से इनकार किया है।
थाना फूलबेहड़ के गांव राजापुर निवासी अशोक कुमार (40) पुत्र स्वर्गीय रामस्वरूप गुरुवार सुबह करीब नौ बजे घर से पशुओं के लिए घास काटने खेतों की तरफ गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। शाम तक घर न आने पर परिवार वाले चिंतित हो उठे और उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने गांव, खेत, रिश्तेदारियों और आसपास के गांवों में भी अशोक की खोजबीन की।
आधी रात के बाद तक उसका कोई पता नहीं चला। गांव के उत्तर कुड़वा तालाब के पास गांव के ही रामचंदर वर्मा का बाग है। बाग के निकट ही उसकी बरसीम बोई हुई है। रामचंद्र का पुत्र धनावीर शुक्रवार सुबह पशुओं के लिए बरसीम काटने खेत पर गया था। इसी बीच उसकी नजर बाग में पड़े अशोक के शव पर पड़ी। शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत था।
तमाम ग्रामीणों के साथ परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव की हालत देख लोग धारदार हथियार से हत्या होने की आशंका जताने लगे। एएसपी अरुण कुमार सिंह ने सीओ धौरहरा टीएन दुबे के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के परिवार वालों और ग्रामीणों से भी पूछताछ की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर परिवार वालों ने किसी रंजिश से इंकार किया है, लेकिन शव की हालत देख हत्या की आशंका जताई है। उधर पुलिस का कहना है कि शव पर दिख रहे गहरे जख्म किसी जंगली जानवरों के नोचे जाने जैसे दिख रहे हैं। इससे लगता है कि हिंसक पशु के हमले में युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव राजापुर में क्षत विक्षत शव मिलने की सूचना पर फील्ड यूनिट की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम में शामिल फोरेंसिक एक्सपर्ट ने मौके से कई वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। टीम करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करती रही।
छह भाइयों में पांचवें नंबर का था अशोक
गांव राजापुर निवासी अशोक का क्षत विक्षत शव मिलने से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है। परिवार वालों ने बताया कि पिता की मौत के बाद से सभी भाई अलग-अलग रहते थे। अशोक पांचवें नंबर का था। वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। घर के मुखिया की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में चीख पुकार मची हुई है।
मृतक के बड़े भाई श्रीकृष्ण ने अभी पोस्टमार्टम कराने के लिए तहरीर दी है। किसी रंजिश से इंकार किया है। किसी जंगली जानवर द्वारा हमला किये जाने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी हो सकेगी कि हत्या हुई है या किसी जानवर के हमले से उसकी मौत हुई है।—अजय राय, एसओ थाना फूलबेहड़
वन विभाग की टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया है। घटना स्थल व आस पास के खेतों में जंगली जानवर सूअर के पगमार्क मिले हैं। जांच की जा रही है—एनके राय रेंजर, शारदा नगर वन रेंज
ये भी पढ़ें-
बरेली: बीच कचहरी चलीं चप्पलें, जमकर हुई मारपीट, भीड़ ने किया बीच-बचाव