मुरादाबाद : मुनाफे का लालच देकर की 14 लाख रुपये की ठगी, एसएसपी ने दिए मुकदमा दर्ज करने के निर्देश
मुरादाबाद, अमृत विचार। पांच साल के निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर जालसाजों ने शास्त्री नगर में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ करीब 14 लाख रुपये की ठगी की। मामला 22 जुलाई 2019 का है। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने मझोला थाने में शिकायत दी थी, सीओ सिविल लाइंस ने मामले …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पांच साल के निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर जालसाजों ने शास्त्री नगर में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ करीब 14 लाख रुपये की ठगी की। मामला 22 जुलाई 2019 का है। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने मझोला थाने में शिकायत दी थी, सीओ सिविल लाइंस ने मामले की जांच भी कराई, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया। अब पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने मझोला थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। अब पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित रविंद्र कुमार शर्मा ने एसएसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उन्होंने जुलाई 2019 में बीमा पालिसी कराई थी। लेकिन कुछ ही दिन बाद यह पालिसी उन्हें कैंसिल करानी पड़ी। पालिसी कैंसिल कराने पर उनके पास किसी रोहन अग्रवाल का फोन आया और उसने बताया कि उसकी कंपनी ए टू जेड सोल्यूशन में साढ़े पांच लाख रुपये निवेश करने पर पांच साल में उसकी कंपनी 68 लाख 87 हजार 500 रुपये का रिटर्न देगी। इसके लिए रोहन अग्रवाल ने उन्हें पूरा प्लान समझाया।
पीड़ित ने आरोपी पर भरोसा कर उसकी कंपनी में दो बार निवेश किया। इस संबंध जरूरी इंक्वायरी खत्म कराने के लिए अलग से भुगतान किया। इस प्रकार पीड़ित ने आरोपी के विभिन्न बैंक खातों में कुल 13 लाख 92 हजार 367 रुपये का भुगतान कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने जब आरोपी की कंपनी में बांड के लिए संपर्क किया तो उसे एक लेटर दिया गया। इस लेटर की पीड़ित ने जांच कराई तो उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने अपने रुपये वापस मांगने शुरू कर दिए। लेकिन आरोपियों ने अपने फोन बंद कर लिए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी।
सीओ की जांच के बाद भी नहीं दर्ज हुआ था मुकदमा
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों द्वारा दिए गए पत्र के आधार पर मामले की जांच सीओ सिविल लाइंस ने कराई थी। इसमें उनके साथ ठगी की पुष्टि भी हुई। बावजूद इसके पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। मजबूरी में पीड़ित ने एसएसपी के समक्ष न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद मझोला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
