अयोध्या: सिपाही से हुई लूट के मामले में बड़े खुलासे की उम्मीद, जंगल व खेतों में एसएसपी ने खुद संभाल रखी है काम्बिंग की कमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जिले के हैदरगंज थाना अंतर्गत खपराडीह के निकट सिपाही की रायफल व बाइक लूटे जाने की सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके के जंगलों और खेतों में देर शाम तक पुलिस की काम्बिंग जारी रही। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने खुद काम्बिंग की कमान संभाल रखी है। हालांकि सूत्रों …

अयोध्या। जिले के हैदरगंज थाना अंतर्गत खपराडीह के निकट सिपाही की रायफल व बाइक लूटे जाने की सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके के जंगलों और खेतों में देर शाम तक पुलिस की काम्बिंग जारी रही। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने खुद काम्बिंग की कमान संभाल रखी है। हालांकि सूत्रों के अनुसार पुलिस को काफी हद तक कामयाबी मिल गई है लेकिन अधिकृत और बड़ा खुलासा शनिवार को ही होने की उम्मीद है।

यह घटना तब हुई जब शुक्रवार सुबह पांच बजे सिपाही भास्कर एक व्यक्ति की सुरक्षा ड्यूटी से थाने लौट रहा था। इस दौरान तीन की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने खपराडीह स्थित देवी प्रसाद मोतीलाल आईटीआई के सामने उससे इंसास रायफल और बाइक लूट ली और जंगलों की ओर भाग निकले। सिपाही कुछ दिन पहले कटौना गांव निवासी आशीष हत्याकांड के बाद मृतक के पिता शेर बहादुर सहित परिवार की सुरक्षा में लगा है।

भरोसेमंद सूत्रों की मानें तो रोज आने जाने वाले इस सिपाही की बदमाश काफी पहले से रेकी कर रहे थे जिसके बाद शुक्रवार को यह वारदात अंजाम दे पुलिस को सीधी चुनौती दी। वारदात के बाद सिपाही ने सूचना हैदरगंज थाने पर दी। रायफल लूटने की घटना सामने आते ही हैदरगंज थाना अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने इसकी जानकारी तत्काल एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय को दी और स्वयं भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। बताया जाता है कि फोर्स के साथ एसएसपी कई घंटे तक इलाकाई जंगलों और खेतों में बदमाशों की तलाश में जुटे रहे।

इलाके में लगे सीसीटीवी खंगाली रही पुलिस

स्वाट और हैदर गंज थाने के उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, उपनिरीक्षक अमर बहादुर पटेल स्वाट टीम प्रभारी रतन कुमार शर्मा जाना बाजार, हैदरगंज बाजार सहित बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर लुटेरों की शिनाख्त में लगे हुए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लूटी गई रायफल पुलिस ने बरामद कर ली है।

साथ ही आरोपियों की शिनाख्त भी कर ली है। हालांकि आधिकारिक स्तर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि काफी हद तक पुलिस को कामयाबी भी मिल गई है, लेकिन पूरा ब्यौरा जुटाने के बाद ही वारदात के खुलासे के मूड में है। सूत्रों के अनुसार इस वारदात को लेकर इलाके में तरह तरह की चर्चाएं भी हैं।

यह भी पढ़ें:-यूपी विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान कल, पोलिंग पार्टियां रवाना

संबंधित समाचार