अयोध्या: गेहूं खरीद में सरकार के आदेश को किया गया नजरअंदाज, 1 अप्रैल की बजाय आज से शुरू हुई खरीद
अयोध्या। 1 अप्रैल से गेहूं खरीद को लेकर सूबे की सरकार के आदेश को जिले में करीने से धता बता दिया गया। हकीकत यह है कि गेहूं खरीद एक अप्रैल से नहीं मंगलवार 11 अप्रैल से शुरू हुई है वह भी जिले की एक तहसील के एक केन्द्र पर। इसका खुलासा तब हुआ जब मंगलवार …
अयोध्या। 1 अप्रैल से गेहूं खरीद को लेकर सूबे की सरकार के आदेश को जिले में करीने से धता बता दिया गया। हकीकत यह है कि गेहूं खरीद एक अप्रैल से नहीं मंगलवार 11 अप्रैल से शुरू हुई है वह भी जिले की एक तहसील के एक केन्द्र पर।
इसका खुलासा तब हुआ जब मंगलवार को डिप्टी आरएमओ से गेहूं खरीद प्रगति की जानकारी चाही गई। उन्होंने खुद बताया कि कटाई मड़ाई न होने से खरीद सोमवार से शुरू हो पाई है।
डिप्टी आरएमओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को बीकापुर तहसील के खाद्य विभाग के शेरपुर पारा क्रय केन्द्र पर खरीद शुरू हुई है। उन्होंने बताया कि अभी तक अन्य केन्द्र पर खरीद प्रारम्भ नहीं हो पाई है। इसका कारण उन्होंने गेहूं की कटाई और मड़ाई न हो पाना बताया।
उन्होंने बताया कि किसानों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, लेकिन मुश्किलें आ रही है। इस बार जिले में गेहूं खरीद का लक्ष्य 54 हजार मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है।
हालांकि वर्तमान हालात को देखते हुए लक्ष्य पूरा होने में संशय दिख रहा है। बताया जाता है कि सरकारी समर्थन मूल्य से अधिक किसानों को खुले बाजार में मिल रहा है ऐसे में किसान गेहूं क्रय केंद्रों की ओर रुख नहीं कर रहे हैं।
कमिश्नर ने फिर जारी किया फरमान
मण्डलायुक्त नवदीप रिनवा ने मण्डल के सभी जिलाधिकारियों व सम्भागीय खाद्य नियंत्रक को खरीद को लेकर निर्देशित किया है। बताया कि शासन द्वारा वर्ष 2022-23 के लिए गेहूं खरीद का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2015 रुपए प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है।
इसी दर पर गेहूं क्रय किया जाए। इसके साथ ही सभी केन्द्रों पर तौल की पारदर्शिता व्यवस्था के साथ-साथ किसानों के लिए सुविधाएं रखी जाएं। नामित मजिस्ट्रेटों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। जहां शिकायत प्राप्त हो रही है उसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।
पढ़ें- Sri Lanka Crisis: श्रीलंका में राष्ट्रपति के सत्ता छोड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी
