संभल : मूसापुर में फायरिंग के मामले में दो और गिरफ्तार
संभल /सौंधन, अमृत विचार। कैला देवी थाना अंतर्गत एक गांव में रोटी बेचने को लेकर दो पक्षों में हुए पथराव तथा फायरिंग का वीडियो वायरल हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों पर कार्रवाई कर कुछ लोगों को जेल भेज दिया था। सोमवार को पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर …
संभल /सौंधन, अमृत विचार। कैला देवी थाना अंतर्गत एक गांव में रोटी बेचने को लेकर दो पक्षों में हुए पथराव तथा फायरिंग का वीडियो वायरल हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों पर कार्रवाई कर कुछ लोगों को जेल भेज दिया था। सोमवार को पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
होली के रंग वाले दिन रोटी बेचने को लेकर कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव मूसापुर में दो पक्षों में पथराव और फायरिंग हो गई थी, जिसमें दोनों पक्षों से कई लोग घायल भी हुए थे। दोनों पक्षों के कुछ नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, जिनमें से पुलिस कुछ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है तथा कुछ अभी भी फरार चल रहे हैं।सोमवार की सुबह कैला देवी थाना पुलिस प्रभारी निरीक्षक को मुखबिर ने फोन पर सूचना दी कि मूसापुर वाले झगड़े के दो आरोपी निसार पुत्र किफायतुल्लाह व सुहैब पुत्र हाजी सत्तार निवासी मूसापुर भागने के प्रयास में आदमपुर रोड पर खड़े हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
चोरी के आरोपी को जेल भेजा
संभल। असमोली पुलिस ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसके पास से सोने-चांदी के गहने, नगदी आदि सामान मिला है। मदाला गांव निवासी सबाबुल हसन पुत्र शखावत उल्ला के घर से 11 फरवरी की रात चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण समेत हजारों का माल साफ कर दिया था। पीड़ित मकान स्वामी ने गांव के ही रहने वाले सालिम पुत्र मुजाहिद पर चोरी का आरोप लगाया। असमोली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने उसको राया खुर्द तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से आभूषण और 20 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
साइबर सेल ने वापस दिलाए ऑनलाइन ठगी के 15 हजार
संभल। ऑनलाइन ठगी के शिकार युवक को साइबर सेल ने 15 हजार रुपये वापस कराए हैं। पैसा वापस होने पर पीड़ित ने साइबर सेल की सराहना की। पीड़ित से फोन-पे के माध्यम से ऑनलाइन ठगी की गई थी। थाना हयातनगर के गांव दतावली निवासी लोकेश पुत्र राजपाल ने पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपकर ऑनलाइन ठगी होने की सूचना दी थी, जिसमें बताया गया था कि अज्ञात व्यक्ति ने फोन-पे के माध्यम से उसके खाते से 15 हजार रुपये निकाल लिए। इस पर पुलिस ने कार्रवाई कर मामला साइबर सेल को सौंप दिया। सोमवार को साइबर सेल ने ठगी के शिकार युवक को 15 हजार रुपये वापस कर दिए। साइबर से प्रभारी आदित्य कुमार ने कहा कि मोबाइल पर आने वाले मैसेज और लिंक से सावधान रहें। साइबर अपराधी मोबाइल पर मैसेज और लिंग भेजकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर लेते हैं।
