संभल : नहाते समय गंगा में डूबा युवक, 6 घंटे बाद मिला शव
संभल, अमृत विचार। संभल के मोहल्ला हल्लू सराय निवासी इंदल की अनूपशहर गंगा में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। शव मिलने के बाद परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के घर आ गए और देर रात अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हल्लू सराय …
संभल, अमृत विचार। संभल के मोहल्ला हल्लू सराय निवासी इंदल की अनूपशहर गंगा में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। शव मिलने के बाद परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के घर आ गए और देर रात अंतिम संस्कार कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हल्लू सराय निवासी इंदल पुत्र बबलू सिंह शहर के एक हलवाई की दुकान पर कारीगर का कार्य करता था। शुक्रवार को इंदल दुकान स्वामी के बेटे संजय और राजेंद्र सभासद के साथ बुलंदशहर जनपद के तीर्थ स्थल अवंतिका देवी दर्शन के लिए गया था। शनिवार दोपहर दर्शन करने के बाद सभी लोग अनूपशहर स्थित बाबा मस्तराम घाट पहुंचे। यहां दर्शन के बाद ये लोग घाट पर गंगा नहाने लगे। इसी दौरान इंदल नहाते हुए गंगा के गहरे पानी में बहने लगा और लापता हो गया। मौके पर मौजूद साथियों ने उसको बचाने का प्रयास लेकिन वह असफल हो गए। शोर शराबा सुनकर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।
स्थानीय पुलिस के साथ ही पीएसी के तैराक जवान भी घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक की तलाश शुरू कर दी। इधर हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन सूचना के बाद गंगा घाट पहुंच गए। छह घंटे के बाद युवक का शव पीएसी के तैराकों ने गंगा से बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। बिना पुलिस कार्रवाई के परिजन शव लेकर घर आ गए और देर रात अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से मां मालती का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें : रामपुर : नाग की हत्या का बदला लेने को सात बार डंस चुकी है नागिन, हर बार बचता रहा एहसान
