मुरादाबाद: पिकअप ने बाइक रौंदी, पति की मौत, पत्नी-बेटी घायल
मुरादाबाद/भोजपुर, अमृत विचार। मुरादाबाद-काशीपुर हाईवे पर गांव नेकपुर कोहरवाकू के बीच में तेज रफ्तार पिकअप ने एक बाइक को रौंद डाला। हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठी उसकी पत्नी और बेटी घायल हो गईं। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। मंगलवार की सुबह गांव धारकनंगला …
मुरादाबाद/भोजपुर, अमृत विचार। मुरादाबाद-काशीपुर हाईवे पर गांव नेकपुर कोहरवाकू के बीच में तेज रफ्तार पिकअप ने एक बाइक को रौंद डाला। हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठी उसकी पत्नी और बेटी घायल हो गईं। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
मंगलवार की सुबह गांव धारकनंगला निवासी लकड़ी फर्नीचर कारोबारी पत्नी यास्मीन और बेटी सना को हकीम से दवाई दिलाने बाइक से गांव कटट्ई जा रहा था। गांव नेकपुर से कुछ दूरी पर पारसनाथ महाविद्यालय के सामने मुरादाबाद दिशा से तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को सामने से रौंद दिया। हादसे के बाद पिकअप रोड पर ही पलट गई। पिकअप चालक फरार हो गया। बाइक चालक मुख्त्यार सैफी (40) पुत्र यूसुफ की मौके पर मौत हो गई। बाइक पर उसकी बैठी पत्नी एवं बेटी घायल हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
छह बच्चे हो गये बेसहारा
लकड़ी फर्नीचर कारोबारी की अचानक सड़क हादसे में मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। रोजी रोटी कमाने के लिए 10 वर्ष पूर्व मुख्त्यार सैफी पैतृक गांव जाहिदपुर से गांव धारकनंगला आकर बस गए थे। रोड पर ही लकड़ी का फर्नीचर बनाकर पत्नी, तीन बेटों और तीन बेटियों की परवरिश कर रहे थे। कारोबारी की मौत के बाद बच्चों की परवरिश की समस्या खड़ी हो गई है।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत, साथी की टांग कटी
ठाकुरद्वारा। ठाकुरद्वारा-जसपुर मार्ग पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सब्जी विक्रेता के पुत्र की बाइक को टक्कर मारकर कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
नगर के मोहल्ला वार्ड 19 निवासी सब्ज़ी विक्रेता शाहिद हुसैन का 18 वर्षीय पुत्र सुहैल सुबह करीब 6 बजे बाइक से अपने दोस्त वार्ड 15 निवासी वासिद के साथ बाइक से सब्ज़ी लेने जसपुर जा रहा था। जसपुर मार्ग पर गांव फैजुल्ला गंज के पास सामने से आये तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से सुहैल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी एक टांग भी कट गई।
लोगों का कहना है कि सूचना के बाद भी जब 108 एम्बुलेंस और 112 डायल पुलिस नहीं पहुंची तो उन्हें निजी एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने भी सुहेल को देखते ही मृत घोषित कर दिया, जबकि वासिद को गंभीर हालत में काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुहैल के पिता शाहीद हुसैन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा कायम कर उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुहैल की मौत से 12 दिन के बाद आने वाली ईद की खुशियां गम में बदल गईं।
