पीलीभीत: पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा को मिली जान से मारने की धमकी
पीलीभीत, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से आई किल यू…लिखा मैसेज पहुंचा है। जिसके बाद खुद की जान को खतरा बताते हुए पूर्व मंत्री ने एसपी से शिकायत की। मामला …
पीलीभीत, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से आई किल यू…लिखा मैसेज पहुंचा है। जिसके बाद खुद की जान को खतरा बताते हुए पूर्व मंत्री ने एसपी से शिकायत की। मामला पूर्व मंत्री से जुड़ा होने पर पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आ गई है। सीओ सदर की अगुवाई में टीम मामले की छानबीन में जुटी है।
मूल रूप से न्यूरिया थाना क्षेत्र के टाह गांव निवासी पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा की पहचान सपा के एक बड़े चेहरे के रूप में है। वह 2012 में बरखेड़ा विधानसभा से चुनाव लड़कर विधायक चुने गए थे। फिर सपा सरकार में राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद रहे थे। इसके अलावा 2007, 2017, 2022 का विधानसभा चुनाव और 2019 का लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह कामकाज में व्यस्त थे। दोपहर करीब एक बजकर तीन मिनट पर उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से आई किल यू..लिखा मैसेज पहुंचा। इसे देखकर वह दंग रह गए। इस नंबर से न तो कभी उनकी कोई बातचीत हुई है, न ही संबंधित के बारे में वह कुछ जानते हैं।
मैसेज के जरिए मिली धमकी की बात उन्होंने अपने कुछ परिचितों से शेयर की। फिर एसपी को कॉल कर बताया। अपना शिकायत पत्र भी एसपी को मोबाइल पर ही भेज दिया। जिसमें जीवन को खतरा बताते हुए आरोपी पर कार्रवाई और खुद को सुरक्षा की मांग की। पूर्व मंत्री से जुड़ा मामला होने पर पुलिस विभाग में भी खलबली मच गई। तत्काल बताए गए नंबर को लेकर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। सीओ सदर लल्लन सिंह ने पूर्व मंत्री से संपर्क साधा और उनसे प्रकरण को लेकर विस्तार से जानकारी जुटाई। उधर, धमकी का पता लगते ही परिवार की भी चिंता बढ़ी रही।
—–
मेरे नंबर पर एक अंजान नंबर से मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। एसपी को कॉल करने के साथ ही शिकायती पत्र दिया गया। जिसके बाद सीओ ने मुझसे बात कीहै। यह मैसेज जीवन को क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है।— हेमराज वर्मा, पूर्व मंत्री
पूर्व मंत्री को मैसेज भेजकर धमकी का मामला संज्ञान में आया है। शिकायत पत्र प्राप्त होने पर गंभीरता से छानबीन कराई जा रही है। इसे लेकर पड़ताल करा रहे हैं, जल्द प्रकरण का खुलासा किया जाएगा। टीमें छानबीन को लगाई हैं।— लल्लन सिंह, सीओ सदर
इसे भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सिलबट्टे से प्रहार कर की पत्नी की हत्या
