मुरादाबाद : अनफिट वाहन, तेज रफ्तार और ब्लैक स्पॉट बड़ी चुनौती
मुरादाबाद,अमृत विचार। सड़क सुरक्षा अभियान के बीच चुनौतियां भी बेशुमार हैं। जिले में 10 ब्लैक स्पॉट हैं, जिनमें सात स्थानों पर सुझाव का पालन तक नहीं हो पाया है। राज्य पथ और राष्ट्रीय राजमार्ग की खराबी दूर करने में प्रशासनिक मशीनरी कागजी युद्ध लड़ रही है। परिक्षेत्र में वाहन दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या और लापरवाही …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सड़क सुरक्षा अभियान के बीच चुनौतियां भी बेशुमार हैं। जिले में 10 ब्लैक स्पॉट हैं, जिनमें सात स्थानों पर सुझाव का पालन तक नहीं हो पाया है। राज्य पथ और राष्ट्रीय राजमार्ग की खराबी दूर करने में प्रशासनिक मशीनरी कागजी युद्ध लड़ रही है। परिक्षेत्र में वाहन दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या और लापरवाही सिलसिला पुराना है।
चालक-यात्री जागरुकता के इस अभियान को पलीता लगना एक बार फिर से तय है। क्योंकि, प्रवर्तन इकाईयों के सुझाव के बाद भी जटपुरा स्टेट हाईवे, कैंच की पुलिया, लदावली क्षेत्र में जरूरी उपाय नहीं हो पाए हैं। सड़क सुरक्षा से जड़ी इकाइयों के सुझाव के बाद जिम्मेदारों के नियंत्रण संबंधी प्रयासों की पड़ताल में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं।
यातायात पुलिस के आकड़े दावा करते हैं कि जनवरी 2021 से फरवरी 2022 तक 292 लोगों को जान गंवानी पड़ी है। 401 लोगों को घायल होने की स्थित में अस्पातल में दाखिल कराना पड़ा है। उधर, सरकार की महत्वाकांक्षी कोशिश फिर शुरू हुई है। चालकों को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाने विभागीय टीम निकल पड़ी है। संभागीय परिवहन विभाग, यातायात पुलिस विशेषज्ञ और एक बार फिर जुटे हैं। लेकिन, हेलमेट की अनिवार्यता, गति नियंत्रण अभी भी चुनौती बनी हुई है। अनफिट वाहनों की रफ्तार के आगे विभाग के दावे हवा हैं। एआटीओ प्रशासन छवि सिंह चौहान का कहना है कि 24 अप्रैल तक अभियान चलेगा।
ब्लैक स्पॉट (लोनिवि)
जटपुरा गांव के पास थाना मैनाठेर, मार्ग-एमडीआर
कैंच की पुलिया थाना छजलैट, मार्ग- स्टेट हाईवे
लावली गांव के सामने थाना छजलैट, मार्ग-स्टेट हाईवे
गागन तिराहा थाना मझोला, मार्ग- नेशनल हाईवे 24
प्रेम वंडर लैंड पुल के पास थाना कटघर, मार्ग-ओडीआर
रामगंगा नदी पुल के पास थाना कटघर, मार्ग- नेशनल हाईवे 24
हनुमान मूर्ति तिराहा, थाना कटघर मार्ग- ओडीआर
ब्लैक स्पॉट नेशनल हाईवे
छपरा मोड, थाना मूढापांडे मार्ग- एनएच 24
टीएमयू कट के सामने, थाना पाकबड़ा मार्ग- एनएच24
टैंपो स्टैंड पाकबड़ा, थाना पाकबड़ा मार्ग-एनएच 24
दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति की मदद करने वाले को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
राज्य सड़क सुरक्षा परिषद द्वारा मंगलवार को पीतल नगरी में परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें बस चालकों, परिचालकों व ई-रिक्शा समेत अन्य चालकों को नियमों की जानकारी दी गयी। यातायात पुलिस के टीएसआई ऋषि गोपाल ने बताया कि सभी को तिराहे व चौराहो से 100 मीटर की दूरी पर अपने वाहनों में सवारी को सावधानी पूर्वक बैठाना और उतारना चाहिए। जिससे किसी भी प्रकार का हादसा न हो। सभी ऑटो, ई-रिक्षा व टैक्सी चालक को वाहनों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा और प्रदूषण संबंधी प्रपत्र के आधार पर संचालित करें। यातायात प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि सभी वाहन चालक अपने वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं। सभ्य नागरिक की भूमिका निभाते हुए सड़क दुर्घटना से पीड़ित को दुर्घटना होने के एक घंटे अंदर नजदीक के अस्पताल में इलाज कराने पहुचाएं। दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति की मदद करने को जिलाधिकारी स्तर पर 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ‘बेहद जरूरी काम होने पर पूरा शरीर ढंककर ही निकलें बाहर’
