लखीमपुर खीरी: पांच दिन से धौरहरा कोतवाली के चक्कर काट रही गैंगरेप पीड़िता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृतविचार । महिला अपराधों को लेकर भले ही योगी सरकार गंभीर हो और त्वरित कार्रवाई के लिए अफसरों को सख्त निर्देश दे रखे हैं, लेकिन सीएम और एसपी के आदेश कोतवाली धौरहरा पुलिस के लिए कोई मायने नहीं रखते हैं। ऐसा ही एक मामला गैंगरेप का सामने आया है। गैंगरेप पीड़िता रिपोर्ट दर्ज …

लखीमपुर खीरी, अमृतविचार । महिला अपराधों को लेकर भले ही योगी सरकार गंभीर हो और त्वरित कार्रवाई के लिए अफसरों को सख्त निर्देश दे रखे हैं, लेकिन सीएम और एसपी के आदेश कोतवाली धौरहरा पुलिस के लिए कोई मायने नहीं रखते हैं। ऐसा ही एक मामला गैंगरेप का सामने आया है।

गैंगरेप पीड़िता रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पांच दिनों से कोतवाली धौरहरा के चक्कर काट रही है, लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर उसकी तहरीर लेना भी मुनासिब नहीं समझ रही। पीड़िता बुधवार को एसपी दफ्तर पहुची। एसपी के न मिलने पर वह कार्यालय में तहरीर देकर वापस लौट गई।

महिला सम्बंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए थानों पर महिला हेल्प डेस्क खुली हैं। इसके अलावा सख्त निर्देश हैं कि फरियाद लेकर आने वाली पीड़ित महिलाओं की समस्या पुलिस अधिकारी शालीनता के साथ सुनेंगे और रिपोर्ट दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करेंगे, लेकिन धौरहरा पुलिस के लिए यह आदेश कोई मायने नहीं रखते हैं।

एसपी कार्यालय पहुची कोतवाली क्षेत्र की एक पीड़िता ने बताया कि 15 अप्रैल को उसके पिता घर के बाहर सो रहे थे। वह घर के अंदर अकेली लेटी थी। रात करीब एक बजे गांव खास निवासी तीन युवक उसके घर में घुस आए और चारपाई पर दबोच लिया। तीनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर जान से मार देने की धमकी दी।

आरोपियों के जाने के बाद उसने पिता को सारी घटना बताई। सुबह वह पिता व परिवार के अन्य लोगो के साथ कोतवाली गयी, जहां उसने कोतवाल को घटना बताई और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने उसकी तहरीर नहीं ली और डांट डपट कर भगा दिया। तब से वह लगातार कोतवाली जा रही है, लेकिन पुलिस उसकी एक भी नहीं सुन रही। बुधवार को पीड़िता एसपी कार्यालय पहुची। एसपी के न मिलने पर वह कार्यालय में शिकायती पत्र देकर वापस लौट गई।

पीड़िता कोतवाली आई थी। तीन लोगो पर गैंगरेप का आरोप लगा रही है। डांट डपटकर भगाने का आरोप गलत है। प्रकरण की जांच की जा रही है।—डीपी शुक्ला प्रभारी निरीक्षक धौरहरा

ये भी पढ़ें-

बरेली: शहजिल के चचेरे भाई की पत्नी बोली- हिजाब का दबाव बना रहे पति

संबंधित समाचार