मुरादाबाद: आंखों में मिर्च झोंक कर युवक से नगदी लूटी, रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। परचून का सामान खरीदने जा रहे युवक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक कर दो भाइयों ने दिनदहाड़े नगदी लूट ली। विरोध पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला करके घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है। युवक की तहरीर के अधार पर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। परचून का सामान खरीदने जा रहे युवक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक कर दो भाइयों ने दिनदहाड़े नगदी लूट ली। विरोध पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला करके घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है। युवक की तहरीर के अधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कटघर थाना क्षेत्र के सूरजनगर पीतलबस्ती निवासी 29 वर्षीय कपिल के पिता मोहल्ले में ही परचून की दुकान चलाते हैं। जबकि कपिल सर्राफ की दुकान पर काम करता है। कपिल के अनुसार गुरूवार की सुबह करीब 11 बजे वह पिता की दुकान के लिए सामान लाने के लिए कटरा जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गुलाबबाड़ी के पास उमेश और अंकित पुत्र दौलतराम ने उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया।
जिससे कपिल की आंखों में तेज जलन होने लगी और कुछ देर के लिए उसे दिखाई देना भी बंद हो गया। इस दौरान उमेश और अंकित ने कपिल के पास मौजूद छह हजार रुपये भी छीन लिए। विरोध पर धारदार हथियार से उसके सिर पर वार करके घायल कर दिया। कपिल द्वारा शोर मचाने पर आसपास लोग एकत्र होने लगे। यह देख दोनों आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद कपिल ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
तब पुलिस उसे थाने ले गई। वहां से उसे मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। कपिल ने कटघर थाने में दानों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि 15 दिन पहले भी उमेश और अंकित के साथ कपिल का झगड़ा हुआ था। जिसमें शांतिभंग का मुकदमा दर्ज किया गया था। गुरुवार को कपिल की तहरीर के आधार पर दोबारा मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : दुकान के विवाद में किया था पर्दा कारोबारी पर हमला, एक लाख रुपये में सुपारी किलर ने दिया था घटना को अंजाम
