पूर्व केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व में मोतिहारी से आए करीब 700 भाजपाइयों ने किया अयोध्या दर्शन
अयोध्या। मोतिहारी बापूधाम से 700 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता रविवार को अयोध्या दर्शन के लिए यहां पहुंचे। सुबह साढ़े पांच बजे के करीब ट्रेन अयोध्या धाम स्टेशन पर जैसे ही रुकी तो पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। यूपी भाजपा प्रभारी व पूर्व क्रेंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह के नेतृत्व में आए …
अयोध्या। मोतिहारी बापूधाम से 700 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता रविवार को अयोध्या दर्शन के लिए यहां पहुंचे। सुबह साढ़े पांच बजे के करीब ट्रेन अयोध्या धाम स्टेशन पर जैसे ही रुकी तो पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। यूपी भाजपा प्रभारी व पूर्व क्रेंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह के नेतृत्व में आए पार्टी कार्यकर्ताओं का स्थानीय नेताओं ने स्वागत किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम थे। इसके बाद स्टेशन से 50 छोटी-बड़ी गाड़ियों में सवार होकर सभी हनुमानबाग की तरफ प्रस्थान किए।
भाजपा महानगर महामंत्री परमानंद मिश्र ने बताया कि यहां पहुंचे लोग सबसे पहले राम की पैड़ी पर गए। वहां कुछ ने स्नान किया तो कुछ ने आचमन कर माता सरयू का आशीर्वाद लिया। राधा मोहन सिंह के साथ बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार, पिपरा विधायक श्याम बाबू यादव, गोविन्दगंज विधायक सुनील मणी तिवारी,भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना समेत कई नेता मौजूद रहे। यहां से हनुमानगढ़ी का दर्शन करने पहुंचे। इसके बाद सभी ने रामलला का आशीर्वाद लिया और मंदिर निर्माण की प्रगति से भी रुबरु हुए।
कनक भवन में भी जाकर सभी ने माथा टेका। दोपहर का भोजन हनुमानबाग में करने के बाद भाजपाई श्रीराम जन्मभूमि न्याय पहुंचे। यहां पत्थरों पर उभरी नक्काशी देख सबने खूब सराहा। नागेश्वरनाथ का दर्शन करने के उपरांत सभी शाम को सरयू आरती में भी शामिल हुए। शाम को सरयू का नजारा देखने के बाद सबने एक स्वर में जय श्रीराम के जयकारे भी लगाए। पुन: हनुमानबाग में रात का भोजन ग्रहण करने के बाद वे रात 11 बजे ट्रेन से मोतिहारी लौटे।
यह भी पढ़ें:-भाजपा प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में मोतिहारी से अयोध्या दर्शन को आएंगे 700 श्रद्धालु
