संभल : सिंचाई करने गए युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
संभल,अमृत विचार। निजी नलकूप से गन्ने की फसल की सिंचाई करने गए युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार की रात पेड़ पर लटका मिला। अंगौछा का फंदा बनाकर युवक के पेड़ से लटककर आत्महत्या करने की बात कही जा रही है। परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से रस्सी पर लटकाने की आशंका …
संभल,अमृत विचार। निजी नलकूप से गन्ने की फसल की सिंचाई करने गए युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार की रात पेड़ पर लटका मिला। अंगौछा का फंदा बनाकर युवक के पेड़ से लटककर आत्महत्या करने की बात कही जा रही है। परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से रस्सी पर लटकाने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया।
धनारी थाना क्षेत्र के गांव कल्हा निवासी 20 वर्षीय रुपकिशोर पुत्र पातीराम रविवार की शाम को नलकूप से गन्ने की फसल की सिंचाई करने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने युवक को फोन कर जानकारी करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ आया। परिजनों ने खेत पर ही सोने की बात सोचकर सो गए।
सोमवार की सुबह खेत पर काम करने गए ग्रामीणों ने युवक को अंगौछा के फंदा के सहारे पेड़ पर लटका देखा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को जमीन पर उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। मृतक के चाचा पन्नालाल ने बताया कि उनके भाई की ग्यारह वर्ष पहले मौत हो चुकी है और रूप किशोर तीन भाई बहन में सबसे छोटा था। परिजनों ने युवक की हत्या कर लटकाने की आशंका जताई है। युवक की मौत होने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें:- संभल : ट्रक और कंटेनर की भिड़ंत में एक की मौत, दूसरा गंभीर
