हरदोई: लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करने वाला गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
हरदोई। कानपुर के एक शख्स से कार में लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करने वाला गिरोह आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बेनीगंज पुलिस ने सर्विलांस व स्वाट टीम और एसओजी टीम की मदद से एक लुटेरी और तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्ज़े से 27 हज़ार रुपए, स्मैक,तमंचे, कारतूस, मोबाइल और …
हरदोई। कानपुर के एक शख्स से कार में लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करने वाला गिरोह आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बेनीगंज पुलिस ने सर्विलांस व स्वाट टीम और एसओजी टीम की मदद से एक लुटेरी और तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्ज़े से 27 हज़ार रुपए, स्मैक,तमंचे, कारतूस, मोबाइल और पुन्टो कार बरामद की है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया है कि 15 अप्रैल को कानपुर के आवास विकास हंसपुरम थाना नौबस्ता निवासी कुंज बिहारी मिश्र पुत्र बाबूलाल कानपुर जाने के लिए बेनीगंज कोतवाली के अतरौली तिराहा कोथावां में खड़े हो कर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक कार वहां आ कर रुकी। कार सवारों ने कुंज बिहारी को लिफ्ट के बहाने कार में बैठा लिया। इसके बाद उनके पास से 51 हज़ार रुपए व मोबाइल लूट कर उन्हें रास्ते में चलती कार से फेंक दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए छान-बीन शुरू कर दी थी। एसपी श्री द्विवेदी के मुताबिक वारदात के खुलासे के लिए पुलिस के साथ-साथ सर्विलांस/स्वाट टीम,एसओजी टीम को लगाया गया था। रविवार को मुखबिर की खबर पर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान नगवा मोड़ पर पुन्टो कार को रोक कर उस पर सवार लोगों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान कार सवार हड़बड़ाने लगे।
इस पर पुलिस ने सख्ती बरती तो कार सवार करन पुत्र मुन्ना निवासी ठाकुर गंज कछौना, कुन्दन उर्फ करिया पुत्र सूबेदार निवासी बहबलपुर छिबरामऊ ज़िला कन्नौज, रितेश कुमार उर्फ सचिन पुत्र रामसेवक निवासी दलगीरगंज शमसाबाद ज़िला फर्रुखाबाद और कुन्दन उर्फ करिया की पत्नी आरती पुत्री फुदकू निवासी ठाकुरगंज बालामऊ ने कुबूल किया उन्ही लोगों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
जामातलाशी के दौरान इन लोगों के पास से 27 हज़ार रुपए, मोबाइल,दो तमंचे, कारतूस, डेढ़ सौ ग्राम स्मैक और पुन्टो कार नंबर यूपी-76/एस/3737 बरामद हुई हैं। लुटेरों को गिरफ्तार करने में बेनीगंज एसएचओ इन्द्रजीत सिंह चौहान, कोथावां चौकी प्रभारी शिवशंकर मिश्र, सर्विलांस/स्वाट टीम प्रभारी प्रेमसागर सिंह,एसओजी प्रभारी वर्मा रमेश सिंह,हेड कांस्टेबिल राजेंद्र यादव, कांस्टेबिल विपिन कुमार,सौरभ कुमार और मोनिका रानी पाल शामिल रहीं।
लुटेरे पति की लुटेरी पत्नी!
कानपुर के कुंज बिहारी मिश्र के साथ लूट-पाट करने वाले गिरोह में लुटेरे पति कुंदन उर्फ करिया के साथ उसकी लुटेरी पत्नी आरती बराबर की शरीक रही। बताया गया है कि दोनों पति-पत्नी एक साथ वारदात करते थे। पुलिस उन दोनों की शातिर कुंडली खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बिहार से आकर लूटपाट करने वाला चोरी की बाइक व गांजा के साथ गिरफ्तार, साथी फरार
