अलीगढ़: तेज आंधी ने जमकर मचाई तबाही, पेड़ गिरने से महिला की मौत, दर्जनों मवेशी घायल
अलीगढ़। जिले में सोमवार को देर रात आई आंधी ने जमकर मचाई तबाही। अतरौली थाना क्षेत्र में तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़ कर गिर गया और बिजली के कई पोल भी टूट गए। जिसके कारण जिले में काफी तबाही मची। पेड़ के नीचे चारपाई पर सो रही महिला की मौत हो गई। तेज आंधी …
अलीगढ़। जिले में सोमवार को देर रात आई आंधी ने जमकर मचाई तबाही। अतरौली थाना क्षेत्र में तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़ कर गिर गया और बिजली के कई पोल भी टूट गए। जिसके कारण जिले में काफी तबाही मची। पेड़ के नीचे चारपाई पर सो रही महिला की मौत हो गई।
तेज आंधी के कारण दर्जन से ज्यादा मवेशी घायल हो गए और एक महिला की भी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई और लोग महिला को लेकर अस्पताल दौड़े, लेकिन डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अलीगढ़ में अपनी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने आई 28 साल की मीना देवी की मौत भी हो गई। गर्मी के दिन होने के कारण महिला परिवार के अन्य लोगों के साथ घर के बाहर सो रही थी। देर रात आंधी के कारण महिला पर नजदीक का पेड़ गिर गया जिससे महिला दब गई। इसके बाद पेड़ काटकर महिला को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि तीन साल पहले मीना देवी के शादी हुई थी और उसका एक बच्चा भी है। घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।
तेज आंधी के कारण जहां जनहानि हुई, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग का भी काफी नुकसान हो गया। अतरौली के साथ जवां क्षेत्र में एक दर्जन से ज्यादा बिजली के पोल टूट गए। जिसके कारण सारे क्षेत्र की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। बिजली अधिकारी सुबह से ही राहत काम में जुटे हुए हैं और बिजली के पोल को ठीक कराया जा रहा है, जिससे सप्लाई दुबारा दुरुस्त कराई जा सके। महिला के मौत की जांच में पुलिस लगी हुई है।
यह भी पढ़ें-आगरा: बढ़ती गर्मी से परेशान ताजनगरी, मौसम विभाग ने जताए आंधी के साथ बारिश के आसार
