अयोध्या: शासन के निर्देश के बाद हरकत में आया प्रशासन, मंदिरों-मस्जिदों से उतरवाया लाउडस्पीकर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। शासन की ओर से धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर को लेकर जिला प्रशासन भी एक्शन में आ गया है। जिला प्रशासन ने इसे अभियान के रूप में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी के चलते मंगलवार को बीकापुर तहसील क्षेत्र में मंदिर और मस्जिदों से बिना अनुमति के लगे लाउडस्पीकर उतरवाए गए। जिला प्रशासन …

अयोध्या। शासन की ओर से धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर को लेकर जिला प्रशासन भी एक्शन में आ गया है। जिला प्रशासन ने इसे अभियान के रूप में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी के चलते मंगलवार को बीकापुर तहसील क्षेत्र में मंदिर और मस्जिदों से बिना अनुमति के लगे लाउडस्पीकर उतरवाए गए।

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी दशा में शासन की ओर से जारी आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि इसके लिए सभी थाना प्रभारियों के साथ एसडीएम और क्षेत्राधिकारियों को भी मानीटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर क्षेत्र में इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट को जिम्मेदार बनाया गया है। धार्मिक स्थलों की तहसीलवार चिन्हित कर सूची बना तीस अप्रैल तक शासन के आदेश का पालन कराने के लिए कहा गया है।

इसके बाद यदि किसी भी क्षेत्र में किसी भी धार्मिक स्थल पर बिना अनुमति के लाउडस्पीकर पाया गया तो संबधित के विरूद्घ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से भी इसे लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं। जिसके चलते थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में चेकिंग शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने बीकापुर क्षेत्र में मंदिर और मस्जिद से लाउडस्पीकर उतरवाने का अभियान शुरू किया है।

जानकारी के अनुसार चौरे बाजार स्थित मस्जिद और मंदिर, बीकापुर कस्बा में हनुमान मंदिर,शंकर पार्वती मंदिर के साथ कई मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतरवाए गए हैं। इतना ही नहीं तहसील परिसर में बने हनुमान मंदिर का माइक भी उतरवाया गया। अभियान में एसडीएम बीकापुर संदीप श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी सहित कोतवाली पुलिस मौजूद रही।

यह भी पढ़ें:-सीएम योगी ने तेज स्पीकर बजाने वालों का मांगा ब्योरा, 30 अप्रैल तक देनी होगी लाउडस्पीकर की रिपोर्ट

संबंधित समाचार