अयोध्या: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को होगी अलविदा की नमाज, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
अयोध्या। मंगलवार की रात हुई घटना से अचानक बढ़ी जिले की संवेदनशीलता के बीच पाक रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को होने वाली जुमातुल-विदा की नमाज को लेकर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके लिए जिला प्रशासन ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ रैपिड एक्शन फोर्स व …
अयोध्या। मंगलवार की रात हुई घटना से अचानक बढ़ी जिले की संवेदनशीलता के बीच पाक रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को होने वाली जुमातुल-विदा की नमाज को लेकर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके लिए जिला प्रशासन ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ रैपिड एक्शन फोर्स व पीएसी की भी तैनाती की है। अलविदा की नमाज जिले की विभिन्न मस्जिदों में अलग-अलग समय पर होगी।
अलविदा की नमाज को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सभी एसडीएम और सीओ को अपने अपने क्षेत्रों में गुरुवार से शुक्रवार शाम तक एलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट की ओर से अलविदा नमाज की तैयारियों को लेकर पहले ही बैठक की जा चुकी हैं।
जिले भर में चिन्हित किए गए 132 संवेदनशील स्थानों की जगह अब संख्या 145 हो गई है। वहीं अति संवेदनशील स्थलों की तादात भी 85 से बढ़ कर 104 हो गई है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर इन सभी स्थलों पर एक-एक जोनल मजिस्ट्रेट व दो-दो सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
नमाज के बाद किसी भी प्रकार से मस्जिदों के बाहर भीड़ न जुटे इसे भी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय चौकी प्रभारियों व थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पुलिस मित्रों को भी सक्रिय किया गया है।
मोबाइल टीमों को सतत भ्रमणशील रहने को कहा गया है। डीएम नितिश कुमार और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय के अनुसार अलविदा की नमाज को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अलविदा की नमाज के मौके पर उलेमाओं की ओर से लोगों से सौहार्द की अपील भी की जाएगी।
यह भी पढ़ें-अलविदा की नमाज पर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने जारी की एडवाइजरी, यहां पढ़ें पूरी डिटेल
