लखीमपुर/खीरी: संदिग्ध बैग ने उड़ाई नींद कोतवाली लाकर खोला तो निकले एलबम, डायरी और शील्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृतविचार, लखीमपुर-खीरी। शहर के मोहल्ला पटेल नगर में घर के बाहर प्लास्टिक की पन्नी से पूरी तरह से पैक संदिग्ध बैग छोड़ने से सनसनी फैल गई। बैग देख लोगों के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस कथित बैग को लेकर कोतवाली आई और उसे गृहस्वामी से ही जब खुलवाया तो उसमें उसी के बेटे …

अमृतविचार, लखीमपुर-खीरी। शहर के मोहल्ला पटेल नगर में घर के बाहर प्लास्टिक की पन्नी से पूरी तरह से पैक संदिग्ध बैग छोड़ने से सनसनी फैल गई। बैग देख लोगों के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस कथित बैग को लेकर कोतवाली आई और उसे गृहस्वामी से ही जब खुलवाया तो उसमें उसी के बेटे के कई एल्बम, डायरी और दो शील्ड निकलीं। तब जाकर लोगों ने राहत महसूस की। बैग खोले जाने तक कोतवाली में अफरा-तफरी जैसा माहौल रहा।

शहर के मोहल्ला पटेल नगर निवासी हरीश वर्मा ने बताया कि उनका पुत्र आशुतोष ग्रेटर नोएडा में रहकर शारदा यूनिवर्सिटी से बीए एलएलबी ऑनर्स कर रहा है। साथ ही पीसीएस जे की तैयारी भी कर रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे वह घर पर रोज की तरह पूजा कर रहे थे। इसी बीच दो युवक एक बड़ा सा पैकेट लेकर पहुंचे। पैकेट पॉलीथिन से पूरी तरह से ढका हुआ था और चारों तरफ से पैक था।

युवकों के आवाज लगाने पर जब वह बाहर निकले तो युवकों ने कहा कि आपका बेटा ग्रेटर नोएडा में पढ़ रहा है। वह पढ़ाई में कॉलेज में टॉप है। इस पर कॉलेज की तरफ से गिफ्ट पैक भेजा गया है। यह कहते हुए एक युवक ने उन्हें पैकेट पकड़ाने लगा। इस पर उन्होंने बेटे से बात करने की बात कही तो युवकों ने कहा कि कॉलेज की मैडम से बात कीजिए। हरीश ने बताया कि बड़ी से सफाई में एक युवक ने कॉल लगाकर उन्हें मोबाइल पकड़ा दिया। इस पर बात की तो महिला ने बताया कि आशुतोष पढ़ाई में काफी अव्वल है। इसलिए कॉलेज की तरफ से गिफ्ट भेजा गया है।

इसके बाद भी जब उन्होंने अपने बेटे से गिफ्ट के बाबत जानकारी लेने के लिए मोबाइल पर कॉल की तो इसी बीच मौका पाकर दोनों युवक पैक पैकेट छोड़कर भाग निकले। बेटे ने भी किसी तरह के गिफ्ट भेजे जाने की बात से इंकार किया। इससे परिवार में हड़कंप मच गया। मोहल्ले के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार वालों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस गिफ्ट पैक और हरीश को लेकर कोतवाली आई। पुलिस ने जब हरीश से पैक खुलवाया तो उसमें एक ट्रॉली बैग निकला। बैग को जब खोला गया तो उसके ही बेटे की कई फोटो एल्बम थी। इसके अलावा डायरी, शील्ड व अन्य कागजात थे। तब जाकर पुलिस और परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। छात्र के पिता हरीश ने बताया कि जब उन्होंने बेटे को एल्बम आदि निकलने की जानकारी दी तो वह भी हैरत में है।

पैक खोलते समय पुलिस के माथे पर था पसीना
शहर के मोहल्ला पटेल नगर से पुलिस जब वह पैक लेकर कोतवाली आई तो उसे देखने के लिए तमाम पुलिसकर्मी भी आसपास खड़े हो गए। पुलिस किसी आपत्तिजनक वस्तु होने से आशंकित थी। जब पैक खोलने की बारी आई तो पुलिस ने हरीश वर्मा से ही पैक को खुलवाया। पैक खोलते समय पुलिस के माथे पर पसीना था। इसको लेकर उसके चेहरे पर पसीना था।

चंद्रशेखर सिंह, प्रभारी निरीक्षक सदर-
पटेल नगर निवासी हरीश नाम के एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि बाइक सवार एक संदिग्ध बड़ा पैक घर के बाहर छोड़कर गए हैं। इस पर पुलिस मौके पर गई थी। कोतवाली लाकर पैक को खोला गया तो उसमें हरीश के बेटे के ही कई एल्बम, डायरी आदि सामान मिला है। वह बैग हरीश को फिर सौंप दिया गया है।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर/खीरी: जांच रिपोर्ट में दोषी पाई गई कस्तूरबा विद्यालय की दोनों शिक्षिकाएं, छात्राओं को बंधक बनाने के मामले में दर्ज हुई थी FIR

संबंधित समाचार