उन्नाव: खुद को पुलिसकर्मी बताकर कर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
उन्नाव। खुद को पुलिस बताकर जनता ही नहीं बल्कि पुलिस कर्मियों पर भी रौब गांठने वाले एक शातिर को दही थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस का फर्जी आईकार्ड व वर्दी भी बरामद की गयी है। धोखाधड़ी व ठगी जैसी कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायालय …
उन्नाव। खुद को पुलिस बताकर जनता ही नहीं बल्कि पुलिस कर्मियों पर भी रौब गांठने वाले एक शातिर को दही थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस का फर्जी आईकार्ड व वर्दी भी बरामद की गयी है। धोखाधड़ी व ठगी जैसी कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। दही थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बीते कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि पुलिस अवैध रूप से वसूली कर रही है।
इसकी तह तक जाने पर एक बात संज्ञान में आयी कि व्यक्ति है जो स्वयं को पुलिस स्थापना कार्यालय लखनऊ में तैनात बता कर लोगों पर रौब गांठता है। इतना ही नहीं कई सिपाहियों को भी वह ट्रांसफर पोस्टिंग के सपने दिखाकर बहकावे में ले चुका है। गुरुवार रात उसके अन्नपूर्णा मंदिर के पास वसूली करने की सूचना मिली। जिस पर उसे पकड़ लिया गया।
युवक ने अपना नाम निखिलेश कुमार त्रिवेदी पुत्र सुरेश चन्द्र निवासी पीताम्बर नगर बताया है जो मूल रूप से अचलगंज थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव का रहने वाला है। थानाध्यक्ष ने बताया कि उसके पास से सीज की गयी एक बाइक, खाकी वर्दी, यूपी पुलिस का नकली आईडेन्टिटी कार्ड, एक एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। उसके खिलाफ आईपीसी की धाराओं 170, 171, 417, 419, 420, 468, 471, 473 की कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।
अपने दामन पर छींटे आई तो पुलिस ने की कार्रवाई!
बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर दही थाना क्षेत्र में पुलिस की अवैध उगाही बाते वायरल हो रही थी। एक शातिर को गिरफ्तार कर पुलिस ने अपने दामन पर आ रही छींटो को फिलहाल के लिए रोक दिया है। हलांकि पकड़ा गया शातिर बीते दो तीन सालों से क्षेत्र में सक्रिय था तो पहले पुलिस क्यों नहीं जागी। इसकों लेकर लोग यही कहते नजर आ रहे हैं कि अपने दामन पर छींटे आई तो पुलिस ने की कार्रवाई।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने बाप-बेटे को किया गिरफ्तार
