बिजनौर: साढू पर चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट, गिरफ्तार
बिजनौर/शेरकोट, अमृत विचार। आपसी मनमुटाव एवं प्रेम प्रसंग के शक में साढू की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या मामले में पुलिस ने कुछ ही घंटों में फरार आरोपी को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना क्षेत्र के मौहल्ला कोटरा निवासी फरीद पुत्र अब्दुल रशीद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया …
बिजनौर/शेरकोट, अमृत विचार। आपसी मनमुटाव एवं प्रेम प्रसंग के शक में साढू की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या मामले में पुलिस ने कुछ ही घंटों में फरार आरोपी को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के मौहल्ला कोटरा निवासी फरीद पुत्र अब्दुल रशीद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार की शाम को 5:30 बजे अपने घर के बाहर दरवाजे की सीढ़ियों पर बैठे उसके भाई शमशाद 33 वर्ष पर उसके भाई के साढू शहजाद 24 वर्ष ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के दौरान वहां एकत्र भीड़ में भगदड़ मचने से वहाँ दहशत का माहौल पैदा हो गया तथा उसके भाई ने आरोपी शहजाद के चंगुल से छूटकर भागने का प्रयास किया तो शहजाद ने दोबारा उसे पकड़कर फिर चाकू से वार किये।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान शमशाद की मौत हो गयी। तहरीर के आधार पर शहजाद पुत्र छिद्दु निवासी मौहल्ला कोटरा थाना शेरकोट के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। घटना का संज्ञान लेते हुए एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने सरेराह हत्या जैसे जघन्य अपराध को करने वाले अभियुक्त की अति शीघ्र गिरफ्तारी के लिए शेरकोट पुलिस को निर्देशित किया।
क्षेत्राधिकारी अफजलगढ़ सुनीता दहिया के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमें गठित की गयी थीं। रविवार को पुलिस की टीमों ने चैकिंग के दौरान हरेवली तिराहे से अभियुक्त शहजाद को गिरफ्तार किया और अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। अवैध चाकू की बरामदगी के सम्बन्ध में थाना शेरकोट में अलग मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने जानकारी दी कि उसकी पत्नी इमराना उसकी माँ से आये दिन झगड़ा करती थी, उसके पड़ोस में रह रहे उसके साढू शमशाद व उसकी पत्नी रिजवाना उसकी पत्नी इमराना का पक्ष लेते थे। 30 अप्रैल को उसकी माँ व उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिस पर उसने अपनी पत्नी को पीट दिया था, जिसके बाद उसकी पत्नी शमशाद के घर चली गयी थी। उसे शक था कि उसकी पत्नी का शमशाद के साथ प्रेम प्रसंग है। इसलिये उसने शमशाद की हत्या कर दी। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मनोज परमार, दरोगा सुदेश पाल सिह, कां राजकुमार, रजनीश ,सुजीत कुमार, शक्ति राम, अमित भाटी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- संभल : चोरी के 2 ट्रैक्टर सहित कृषि यंत्रों के साथ चार गिरफ्तार
