पीलीभीत: एक्शन में आए डीएम, तीन सचिवों पर कराई एफआईआर
पीलीभीत, अमृत विचार। भ्रष्टाचार के खिलाफ जिलाधिकारी पुलकित खरे एक बार फिर एक्शन मोड में दिखाई दिए। शासन की योजनाओं में गड़बड़ी और बिल भुगतान में भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे तीन सचिवों लाल बहादुर मौर्य, मोहम्मद रिजवान, महेंद्र सिंह पर सख्त एक्शन लिया गया। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। साथ ही विभागीय कार्रवाई …
पीलीभीत, अमृत विचार। भ्रष्टाचार के खिलाफ जिलाधिकारी पुलकित खरे एक बार फिर एक्शन मोड में दिखाई दिए। शासन की योजनाओं में गड़बड़ी और बिल भुगतान में भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे तीन सचिवों लाल बहादुर मौर्य, मोहम्मद रिजवान, महेंद्र सिंह पर सख्त एक्शन लिया गया। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। साथ ही विभागीय कार्रवाई के भी निर्देश संबंधित विभागाध्यक्ष को दे दिए हैं।
बरखेड़ा थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में सचिव मोहम्मद रिजवान, महेंद्र सिंह के अलावा बलदेवपुर गौटिया गांव निवासी धर्मपाल, मोहम्मदगंज रंपुरा निवासी मायाराम, तत्कालीन ग्राम प्रधान और प्रिंटिंग प्रस स्वामी को आरोपी बनाया गया है। सभी ने 2020-21 में दिव्यांग पुरस्कार योजना में भ्रष्टाचार किया था। इस योजना के तहत महिला को 20 हजार और पुरुष अभ्यार्थी को 15 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। इससे जुड़ी तीन पत्रावलियां सामने आई थी। जिनकी जांच कराई गई तो एक मामला सही पाया गया, जबकि दो गड़बड़ निकले।
सामने आया कि अन्य दोनों अभ्यर्थी अपात्र थे। मगर, सचिवों ने उन्हें पात्र दर्शाकर लाभांवित कराने का प्रयास किया था। एसडीएम न्यायिक रामस्वरुप से कराई गई मजिस्ट्रेट जांच में भी दोनों सचिव दोषी पाए गए थे। यह भी सामने आया था कि उनकी पहले से ही शादी हो चुकी थी। वह इस योजना के किसी भी बिंदु पर शामिल होने लायक नहीं थे। इस पर अब विभागीय कार्रवाई के निर्देश देने के साथ ही एफआईआर भी कराई गई है।
इसी तरह से सचिव लाल बहादुर मौर्य जोकि वर्तमान में निलंबित चल रहे हैं। उन पर भी भ्रष्टाचार के आरोप थे। बीते माह उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें वह ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्य के भुगतान के एवज में सुविधा शुल्क की मांग कर रहे थे। मामला सीधे तौर पर कमीशनखोरी से जुड़ा था। इस मामले में अब जिलाधिकारी के सख्ती दिखाने पर एफआईआर कराई गई है। पुराने प्रकरणों में अचानक हुई कार्रवाई ने विकास विभाग, पंचायत राज विभाग में हड़कंप मचा दिया है।
इसे भी पढ़ें-
पीलीभीत: लापता किसान का नहर में उतराता मिला शव
