पीलीभीत: प्रधानाध्यापक मरीज को देखने गए और चोर उड़ा ले गए 70 हजार
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। पुलिस भले ही अपराधियों पर शिकंजा कसने के दावे करे, लेकिन नगर में चोर बेखौफ है। सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। एक बार फिर व्यस्ततम इलाके में चोरों ने दस्तक देकर वारदात कर डाली। अस्पताल के बाहर बाइक खड़ी कर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य मरीज को देखने …
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। पुलिस भले ही अपराधियों पर शिकंजा कसने के दावे करे, लेकिन नगर में चोर बेखौफ है। सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। एक बार फिर व्यस्ततम इलाके में चोरों ने दस्तक देकर वारदात कर डाली। अस्पताल के बाहर बाइक खड़ी कर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य मरीज को देखने भीतर चले गए। इस बीच प्रधानाध्यापक की बाइक की डिग्गी तोड़कर चोर 70 हजार रुपये समेट ले गए।
घटना नजदीक के एक प्रतिष्ठान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। एक तरफ जल्द खुलासे का आश्वासन दिया। वहीं, तहरीर मिलने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। मामले को जांच के नाम पर टाल दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भगवंतापुर निवासी रामसेवक ने बताया कि वह ग्राम पंचायत रुद्रपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं। गुरुवार को वह काम से पूरनपुर आए थे। पहले नगर में बैंक ऑफ बड़ौदा से 70 हजार रुपये निकाले। जिन्हें बैग में करने के बाद बाइक की डिग्गी में रख दिया।
स्वामी एजुकेशन स्कूल में उनकी बेटी पढ़ती है। उसे वहां से लिया और फिर मोहल्ला साहूकारा गए। यहां एक अस्पताल के पास बाइक खड़ी कर दी। जिसके बाद अस्पताल में भर्ती एक परिचित को देखने के लिए भीतर चले गए। कुछ देर बाद वापस आए तो बाइक की डिग्गी क्षतिग्रस्त थी और रुपये नदारद। यह देख उनके होश उड़ गए।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटवी कैमरे चेक किए गए तो चोरों की करतूत कैमरे में कैद मिली। पुलिस ने चोरी करते हुए की फुटेज को कब्जे में ले लिया। उसके आधार पर आरोपियों की शिनाख्त में जुट गई।
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: संदिग्धों की गतिविधियों पर पुलिस की नजर
