मुरादाबाद : ड्यूटी से खिलवाड़ करने वाले दो सिपाही भेजे गए जेल, पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था कुख्यात फहीम एटीएम
मुरादाबाद, अमृत विचार। कुख्यात फहीम एटीएम के झांसे में आकर ड्यूटी से खिलवाड़ करने के आरोपी बिजनौर पुलिस के दोनों सिपाही शुक्रवार को जेल भेज दिए गए। जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद पाकबड़ा पुलिस ने दोनों सिपाहियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से आरोपी सिपाही 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कुख्यात फहीम एटीएम के झांसे में आकर ड्यूटी से खिलवाड़ करने के आरोपी बिजनौर पुलिस के दोनों सिपाही शुक्रवार को जेल भेज दिए गए। जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद पाकबड़ा पुलिस ने दोनों सिपाहियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से आरोपी सिपाही 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिए गए।
कांठ थाना क्षेत्र के उमरीकलां का रहने वाला फहीम उर्फ एटीएम गुरुवार पाकबड़ा कस्बे में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इसके पहले बिजनौर पुलिस ने फहीम एटीएम को हत्या के एक मामले में मुरादाबाद की कोर्ट में पेश किया था। यूपी के टाप मोस्ट बदमाशों की सूची में शामिल फहीम फिलहाल बिजनौर जेल में बंद था। कांस्टेबल दिनेश व राहुल बिजनौर जेल से फहीम को साथ लेकर मुरादाबाद कोर्ट पहुंचे। कोर्ट में पेशी के बाद फहीम ने सिपाहियों को एक मनगढंत कहानी बताई। कहाकि उसकी पत्नी की तबियत खराब है।
फिलहाल पत्नी पाकबड़ा में हाशमपुर चौराहे पर भाई की मकान में है। पत्नी से मिलने की इच्छा जताते फहीम ने सिपाहियों को गुमराह कर दिया। झांसे में आए सिपाही पाकबड़ा के हाशमपुर चौराहे पर फहीम के भाई वसीम के घर पहुंचे। वहां दोनों सिपाहियों को गेस्ट रूम में बैठा कर फहीम घर में घुस गया। देर तक फहीम के वापस न लौटने से सिपाही परेशान हो गए। सिपाहियों के होश तब फाख्ता हो गए, जब बार-बार आवाज देने के बाद फहीम अथवा घर के किसी अन्य सदस्य ने कोई जवाब नहीं दिया। तब सिपाही घर के भीतर दाखिल हुए। पूरा घर खाली मिला।
मकान की अंतिम दीवार में बड़ी सेंध कटी मिली। सिपाहियों को समझते देर नहीं लगा कि शातिर फहीम एटीएम चकमा देकर फरार हो चुका है। पूरा प्रकरण प्रकाश में आने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी हरकत में आ गए। फहीम एटीएम व बिजनौर के दोनों सिपाहियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी सिपाहियों को पाकबड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
फहीम एटीएम की तलाश में यूपी एसटीएफ, डीआइजी के नेतृत्व में बनी कार्य योजना
कुख्यात फहीम एटीएम को नये सिरे से कानून का पाठ पढ़ाने का तानाबाना बुना जा रहा है। एक तरफ यूपी एसटीएफ जहां फहीम की तलाश में जुट गई है, तो दूसरी तरफ डीआइजी शलभ माथुर ने आपरेशन एटीएम की कमान अपने हाथ में ले ली है। उनके नेतृत्व में मुरादाबाद जोन के तेज तर्रार पुलिस अफसरों की एक बैठक शुक्रवार देर शाम को हुई। फहीम को दोबारा दबोचने का जाल बुना गया। फिलहाल फरार होने के 36 घंटे बाद भी फहीम का कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला। पुलिस के हाथ पूरी तरह से खाली हैं।
पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया
कुख्यात बदमाश के नेपाल भाग जाने की आशंका है। मुरादाबाद व अमरोहा समेत पूरे पश्चिम यूपी की पुलिस फहीम की तलाश में जुटी। बरेली, गाजियाबाद व नोएडा एसटीएफ को भी फहीम के फरार होने की जानकारी दी गई। उत्तराखंड व नेपाल से जुड़ी सीमा पर संबंधित जिले की पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया। इधर डीआइजी शलभ माथुर ने शुक्रवार को परिक्षेत्र के तेज तर्रार पुलिस अफसरों के साथ बैठक की। फहीम एटीएम के अतीत में झांकते हुए उन्होंने कुख्यात बदमाश के करीबियों की कुंडली तैयार करने का आदेश दिया। एटीएम को दोबारा गिरफ्तार करने की योजना फिलहाल पहले चरण में है। मुरादाबाद पुलिस के हाथ खाली हैं। डीआईजी ने पूरी घटना की सीओ कटघर और सीओ कांठ को सौंप दी है।
मुरादाबाद पुलिस भी प्रयोग कर चुकी है फहीम की लग्जरी कार
फहीम की लग्जरी कार का आनंद मुरादाबाद पुलिस भी ले चुकी है। अगस्त 2021 में फहीम मुरादाबाद पुलिस के हत्थे चढ़ा, तब वह उसी मर्सिडीज कार में था, जो पाकबड़ा थाने में खड़ी है। गिरफ्तारी के वक्त फहीम को पता नहीं था कि मुरादाबाद पुलिस उसका पीछा कर रही थी। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने हाईवे पर मर्सिडीज कार का पीछा शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद फहीम तब मुरादाबाद पुलिस के हाथ लगा था। फहीम को दबोचने में पुलिस के पसीने छूट गए। फरारी के दिनों में फहीम इस कार का उपयोग करता था। मुरादाबाद पुलिस ने फहीम को गिरफ्तार करने के बाद कार कब्जे में ले ली थी। पुलिस के जवानों ने घटना स्थल से मुरादाबाद तक लग्जरी कार की ड्राइविंग खुद की थी।
जेल भेजे गए दोनों सिपाहियों समेत तीन निलंबित
उधर बिजनौर के एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने फहीम एटीएम के फरार होने के मामले में लापरवाही बरतने के तीन आरोपी पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। क्षेत्राधिकारी नगर की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने माना कि फहीम को पुलिस की लापरवाही का लाभ मिला। जांच से पता चला कि कांस्टेबल दिनेश चंद्र शर्मा व राहुल कुमार फहीम के करीब आ चुके थे। वह दूसरी बार फहीम के साथ शुक्रवार को मुरादाबाद पेशी पर रवाना हुए थे। प्रकरण में मुख्य आरक्षी अशोक कुमार भी दोषी मिला। पता चला कि अशोक कुमार ने ही दूसरी बार दोनों सिपाहियों की ड्यूटी फहीम के साथ लगाई थी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : पुलिस की चूक से फरार हुआ फहीम एटीएम, नहीं लगने दी इरादों की भनक
