अयोध्या: नगर पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज, वार्डों के गठन का कार्य जारी
अयोध्या। विधानसभा चुनाव के बाद अब नगर पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत नवसृजित नगर पंचायत कुमारगंज में परिसीमन व वार्डों के गठन का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके लिए नगर पंचायत तहसील प्रशासन की मदद से अभिलेख जुटाने में लगा हुआ है। नगर पंचायत चुनाव नवंबर …
अयोध्या। विधानसभा चुनाव के बाद अब नगर पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत नवसृजित नगर पंचायत कुमारगंज में परिसीमन व वार्डों के गठन का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके लिए नगर पंचायत तहसील प्रशासन की मदद से अभिलेख जुटाने में लगा हुआ है।
नगर पंचायत चुनाव नवंबर 2022 में होने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव को लेकर शासन स्तर से लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। परिसीमन नगर पंचायत चुनाव की पहली कड़ी मानी जा रही है। नगर पंचायत कुमारगंज के प्रभारी लेखाकार/लिपिक अजय गुप्ता ने बताया कि 28 अप्रैल से नवगठित नगर पंचायत कुमारगंज के नए वार्ड के गठन को लेकर नगर पंचायतों में परिसीमन का कार्य चलाया जा रहा है।
वार्डों के गठन व परिसीमन का कार्य 6 मई तक होना था, लेकिन अब वार्डों के गठन व परिसीमन का कार्य आगामी 11 मई तक पूर्ण कर लिया जाएगा। बताते चलें कि नगर पंचायत कुमारगंज में वर्ष 2011 के जनगणना के अनुसार नगर पंचायत में जुड़े पांच ग्राम पंचायत बवां, पिठला, अमावा छीटन, अकमा, शिवनाथपुर को मिलाकर कुल 16 हजार 6 सौ 62 जनसंख्या की आबादी थी। नगर पंचायत का गठन होने के बाद पांचों ग्राम पंचायतों में 13 वार्ड बनाए गए हैं।
प्रत्येक वार्ड 12 सौ से लेकर 13 सौ के बीच के जनसंख्या को देखते हुए बनाए गए हैं। अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शासन ने अभी वार्डों का गठन कर पत्रावली मांगी है। शासन को पत्रावली जल्द ही सौंपी जाएगी। शासन द्वारा जैसे निर्देश मिलेंगे उसको अमल में लाया जाएगा। शासन से अनुमति मिलने के बाद गठित वार्डों का प्रारूप प्रकाशन कराया जाएगा।
पढ़ें- हल्द्वानी: 10 किमी लंबी मुख्य सीवर लाइन से जुड़ेंगे 11 वार्डों के क्षेत्र
