मुरादाबाद : रीयल स्टेट में मोटे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों ठगे, चिटफंड कंपनी पर मुकदमा
मुरादाबाद,अमृत विचार। रीयल स्टेट से मोटा मुनाफ कमाने का सपना दिखाकर एक चिटफंड कंपनी मुरादाबाद से करोड़ों रुपये की ठगी कर ले गई। कंपनी के साथ वर्षों तक काम करने वाले एजेंटों ने शुक्रवार को गंभीर आरोप लगाते हुए मुरादाबाद की गलशहीद पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर कंपनी के कथित मालिकों व …
मुरादाबाद,अमृत विचार। रीयल स्टेट से मोटा मुनाफ कमाने का सपना दिखाकर एक चिटफंड कंपनी मुरादाबाद से करोड़ों रुपये की ठगी कर ले गई। कंपनी के साथ वर्षों तक काम करने वाले एजेंटों ने शुक्रवार को गंभीर आरोप लगाते हुए मुरादाबाद की गलशहीद पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर कंपनी के कथित मालिकों व उनके अधिकारियों के खिलाफ पुलिस ने ठगी का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के मुताबिक अनंत निधि क्रेडिट कोआपरेटिव सोसायटी लिमिटेड की मेंटी स्टेट शाखा व मुख्य कार्यालय लखनऊ के पुष्पा बजाज बिल्डिंग आलम बाग बस स्टैंड के सामने था। कंपनी के कर्मचारी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, बिहार राज्यों में शाखाएं खोलकर सदस्यों से विभिन्न स्कीमों में करोड़ों रुपये जमा कराते थे। जमा रकम को रियल स्टेट सेक्टर में निवेश कर सदस्यों को लाभांश देते थे। मुरादाबाद में तीन मार्च 2013 को कंपनी की शाखा गांधी नगर 16ए अकबर ट्रेवल्स बिल्डिंग रामपुर रोड पर खोली गई।
कंपनी का रीजनल मैनेजर अनिल कश्यप निवासी मौहल्ला बल्देवपुरी तिराहा निकट हट्टी, पीतल नगरी, कटघर व डायरेक्टर गुंजन सक्सेना निवासी ज्वाला नगर प्रेम पटवारी वाली गली, सिविल लाइन रामपुर, रीयल स्टेट डायरेक्टर खुशवंत सिंह निवासी 17 शिवापुरम कालोनी रामपुर, डायरेक्टर पवन श्रीवास्तव निवासी 589/198 प्रेम नगर इंडियन पब्लिक स्कूल के पास आलम बाग, लखनऊ व डायरेक्टर रजनीश श्रीवास्तव, डा. नितिका श्रीवास्तव, चेयरमैन नितिश श्रीवास्तव निवासी खुर्दवाद साहब गंज थाना कोतवाली नगर फैजाबाद ने मुरादाबाद में पीड़ितों से मुलाकात की।
सोसायटी के कामकाज की जानकारी देते हुए पीड़ितों को बतौर ऐजेंट काम करने का मौका दिया। कंपनी अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सोसायटी में जमा रकम पूरी तरह सुरक्षित होगी। क्योंकि सोसायटी मुरादाबाद व रामपुर में कृषि भूमि खरीद रही है। भूमि के मालिक एजेंट भी होंगे। कंपनी ने एजेंटों को गुमराह करते हुए रामपुर व मुरादाबाद में सोसायटी के नाम भूमि की फर्द दिखाई। तब एजेंट अपने करीबियों व शुभचिंतकों की मदद से कंपनी में रुपये जमा करने लगे।
मुरादाबाद व रामपुर से करोड़ों रुपये उन्होंने कंपनी के खाते में जमा किए। तिथि पूरी होने के बाद एजेंटों ने जमा रकम का लाभांश मांगना शुरू किया। तब डायरेक्टर रजनीश श्रीवास्तव व खुशवन्त सिंह ने कंपनी की जमीन बिकने के बाद भुगतान का आश्वासन दिया। इसके बाद आरोपी सोसायटी का रजिस्ट्रेशन दोबारा रिनुअल न होने का बहाना बनाने लगे। कंपनी के अधिकारी दो वर्ष तक एजेंटों को टरकाते रहे।
इतना ही नहीं चोरी छिपे कंपनी के नाम की भूमि भी बेच दी मगर ग्राहकों व एजेंटों का भुगतान नहीं किया। दबाव पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित खेमपाल निवासी बल्देवपुरी, कुंवर सेन महबुल्ला गंज निकट दुर्गा मन्दिर थाना कटघर, चिंताराम पाल निवासी निकट आईस फैक्ट्री शिव नगर, प्रदीप कुमार निवासी कटघर बीच छोटा छत्ता, कमर आलम निवासी मोहल्ला जामा मस्जिद वारसी नगर गली नं चार थाना मुगलपुरा, विजय सिंह निवासी रामतलैया मझोला, गुड्डो निवासी मोहल्ला चिडि़या टोला थाना मझोला, अजय कश्यप निवासी मोहल्ला कटघर महबुल्ला गंज, राजेन्द्र कुमार निवासी गोविन्द नगर, धर्मवीर सिंह निवासी नूरपुर जीरो पाइंट, महेन्द्र सिंह निवासी पनबड़िया रामपुर की तहरीर पर गलशहीद पुलिस ने नितीश श्रीवास्तव, रजनीश श्रीवास्तव, अनिल कश्यप, गुंजन सक्सेना, खुशवंत सिंह, पवन श्रीवास्तव, नितिका श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी व ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : एसएसपी ने जनता से मांगा थानों का फीडबैक
