कानपुर के बाद गाजीपुर के लॉकरों से गायब हुये गहने, छत काटकर बैंक में घुसे थे चोर, ग्राहकों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गाजीपुर। कानपुर के बाद गाजीपुर में बैंक लॉकरों से गहने गायब होने का मामला सामने आया है। कानपुर में बैंक के कर्मचारियों की ही मिलीभगत थी लेकिन यहां अभी तक साफ नहीं है कि किन लोगों ने लॉकर तोड़ा है। सैदपुर कस्बे में स्थित यूनियन बैंक आफ इंडिया की शाखा में छत काटकर घुसने के …

गाजीपुर। कानपुर के बाद गाजीपुर में बैंक लॉकरों से गहने गायब होने का मामला सामने आया है। कानपुर में बैंक के कर्मचारियों की ही मिलीभगत थी लेकिन यहां अभी तक साफ नहीं है कि किन लोगों ने लॉकर तोड़ा है। सैदपुर कस्बे में स्थित यूनियन बैंक आफ इंडिया की शाखा में छत काटकर घुसने के बाद लॉकरों पर हाथ साफ किया गया। पांच लॉकर खंगाले गए और उनमें रखे जेवर और दस्तावेज गायब कर दिए गए। चोरों ने चार लॉकरों को कटर से काटा और एक लाकर का लॉक तोड़कर चोरी की।

सोमवार को बैंक खुलने पर चोरी की जानकारी हुई। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही बैंक के ग्राहक मौके पर पहुंचे। लोगों ने बैंक के बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया। बैंक के खिलाफ नारेबाजी की। दो ग्राहकों ने पुलिस से शिकायत कर बताया कि उनके लाखों के जेवर लॉकर में रखे हुए थे।

सैदपुर नगर में मुख्य बाजार में यूबीआई (यूनियन बैंक आफ इंडिया) की शाखा है, जिसमें हजारों लोगों के खातों के साथ पांच बैंक लॉकर हैं। इन लॉकर को स्थानीय स्तर पर ही पांच खाता धारकों को आंवटित किया गया है, जिसमें लगातार लॉकर धारक अपने आभूषण और दस्तावेज रखते रहे।

रविवार रात में चोर छत का लेंटर काटकर बैंक में घुसे। चोरों ने लॉकर रूम के ऊपर ही छत काटी और अंदर जाकर लॉकर तोड़ना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार लॉकर नहीं खुले तो कटर से काटा और लाखों रुपये के जेवरात निकाल लिए। चोर छत के रास्ते ही बैंक से फरार हो गए। सुबह जब बैंक का लॉकर रूम खोला गया तो सभी लॉकर टूटे मिले। इसके बाद बैंक में अफरा-तफरी मच गई।

आनन-फानन में इसकी सूचना कर्मचारियों ने बैंक अधिकारियों को दी। बैंक ने तत्काल पुलिस को भी बुलाया और हालात दिखाए। कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद एसपी और आईजी को घटना की जानकारी दी। जानकारी पाकर आईजी के सत्यनारायण और एसपी रामबदन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया और सीसीटीवी समेत सभी बिंदुओं पर जांच की। एलडीएम सूरजकांत का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सभी लॉकर उपभोक्तओं को नियमानुसार क्लेम दिया जाएगा।

इन लोगों के टूटे हैं लॉकर

सीता सिंह पत्नी स्व.अनिल सिंह, बिंदुमती देवी पत्नी राकेश कुमार, आरती विश्वकर्मा पत्नी जयप्रकाश विश्वकर्मा और यशवंत सिंह निवासी गण सैदपुर। चोरी का पता लगने के बाद लॉकर मालिक परेशान होकर बैंक के चक्कर लगा रहे हैं। एसपी राम बदन सिंह ने कहा कि कई टीमें जांच में लगी हुई हैं। चार लाकर टूटने की सूचना मिली है। चोरी हुए गहनों की जानकारी इकट्ठा की जा रही है। पुलिस जल्द चोरों का पता लगा लेगी।

यह भी पढ़ें:-कानपुर: बैंक लॉकर चोरी के आरोपितों से एक किलो सोना बरामद, सेंट्रल बैंक लॉकर से गायब हुए थे करोड़ों के जेवरात

संबंधित समाचार