अयोध्या: थमा विरोध, माने व्यापारी, 20 मीटर चौड़ा होगा सहादतगंज-नया घाट मार्ग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। अयोध्या नया घाट से लेकर सहादतगंज तक मार्ग चौड़ीकरण का विरोध अब थम जाएगा। क्योंकि व्यापारियों ने भी इसके लिए हरी झंडी दे दी है। सोमवार देर शाम को हुए प्रशासन और कारोबारियों व भू-स्वामियों के फैसले ने सबको राहत दे दी है। दरअसल जिलाधिकारी नितीश कुमार की ओर से अन्तर्राष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में …

अयोध्या। अयोध्या नया घाट से लेकर सहादतगंज तक मार्ग चौड़ीकरण का विरोध अब थम जाएगा। क्योंकि व्यापारियों ने भी इसके लिए हरी झंडी दे दी है। सोमवार देर शाम को हुए प्रशासन और कारोबारियों व भू-स्वामियों के फैसले ने सबको राहत दे दी है।

दरअसल जिलाधिकारी नितीश कुमार की ओर से अन्तर्राष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में आम व्यापारियों व भवन स्वामियों की संयुक्त बैठक बुलाई थी। बैठक देर शाम तक चली, जिसमें मार्ग को 20 मीटर चौड़ा करने पर सहमति बनी। चौड़ीकरण को लेकर जिलाधिकारी और जिला प्रशासन की ओर से 21 मीटर का प्रस्ताव रखा गया था।

जिसका व्यापारियों ने विरोध करते हुए सभी ने चौड़ीकरण के मानक को घटाने की मांग की। लोगों का कहना था कि प्रशासन की ओर से जारी निर्धारित मानक के अनुसार अयोध्या से सहादतगंज मार्ग पर बहुत से व्यापारी व भवन स्वामी उजड़ जाएंगे और उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं कि कहीं अपना आशियाना बना सकें।

सबकी मांग थी कि चौड़ीकरण का मानक घटाकर 18 मीटर कर दिया जाए। नितीश कुमार ने कारोबारियों को समझाते हुए कहा कि कि फोरलेन के मानक के अनुसार 24 मीटर सड़क का प्रस्ताव है, लेकिन सबकी सहूलियतों को ध्यान में रखकर 21 मीटर तक चौड़ाई रखना जरूरी है क्योंकि सात-सात मीटर सड़क के अतिरिक्त फुटपाथ व ड्रेनेज और भूमिगत विद्युतीकरण व अन्य कार्यों की दृष्टि से इतनी चौड़ाई होनी चाहिए।

जिलाधिकारी के समझाने के बावजूद भी कारोबारी व भवन स्वामी सहमत नहीं हुए। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने हस्तक्षेप करते हुए 20 मीटर चौड़ाई तय करने का प्रस्ताव दिया, हालांकि कुछ व्यापारियों ने असहमति जताई। घंटों चलते विचार विमर्श के बाद अंतिम में व्यापारियों व भवन स्वामियों ने सहमति दे दी, जिसके बाद जिलाधिकारी ने भी अपनी मुहर लगा दी।

इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाई। बैठक में एडीए के वीसी व नगर आयुक्त विशाल सिंह, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, भूमि अध्याप्ति अधिकारी पीके अवस्थी, एसपी सिटी विजयपाल सिंह, एडीए सचिव डॉ. संजीव कुमार, नगर निगम के अपर आयुक्त शशि भूषण राय, लोनिवि तृतीय के अधिशासी अभियंता महेंद्र सिंह, सहायक अभियंता राहुल राय के अलावा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों सहित अन्य मौजूद रहे।

पढ़ें-अयोध्या: मार्ग चौड़ीकरण को लेकर बुलाई गई बैठक में जब बिजली हुई गुल तो व्यापारियों ने विधायक के सामने ली चुटकी, जानें फिर क्या हुआ?

संबंधित समाचार