आमजन एवं अधिकारियों के सहयोग से ही उत्थान संभव : आनंदीबेन
बिजनौर,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा जिले का भ्रमण कर आमजन के सहयोग से लोगों को सरकारी सुविधाएं दिलाते हुए देश को आगे ले जाने का आह्वान किया । राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल ने जिला संयुक्त चिकित्सालय स्थित महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर …
बिजनौर,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा जिले का भ्रमण कर आमजन के सहयोग से लोगों को सरकारी सुविधाएं दिलाते हुए देश को आगे ले जाने का आह्वान किया । राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल ने जिला संयुक्त चिकित्सालय स्थित महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का लोकार्पण किया।
राज्यपाल ने अधिकारियों से महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न इत्यादि मामलों के बारे में चर्चा की। राज्यपाल के जिला बिजनौर भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का लोकार्पण किया। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग बिजनौर द्वारा निर्मित किए गए सखी वन स्टॉप सेंटर को रुपए 24,34,686 की लागत से तैयार किया गया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि महिलाएं उत्पीडन से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता के लिए वन स्टाप सेंटर हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क स्थापित कर मदद पा सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीडित महिलाओं को अपनी बहन व बेेटी समझ कर उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर करें। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि प्रदेश में करीब 85000 क्षय रोग से पीड़ित बच्चों को गोद लिया गया है जिससे उनका कुपोषण धीरे-धीरे दूर हो रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेने से उनमें सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा व उन्नयन होगा । उन्होंने ग्राम प्रधानों से कहा कि वह आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहनों के साथ मिलकर क्षय रोग से मुक्त व कुपोषण से मुक्त कराने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भावस्था के कैंसर) से बचाव के लिए 9 से 14 वर्ष की बच्चियों को दो टीके आवश्यक रूप से सभी माता-पिता लगाएं।
सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आमजन आगे आएं तथा अधिकारी आमजन से बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए वंचित लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाए तथा घर में काम करने वाली आई,माई व गार्डन में काम करने वाले माली या सभी ऐसे व्यक्ति जो गरीब समाज से हैं उनसे पूछे कि उन्हें कौन-कौन सी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रही है और उसका आकलन करें कि इनको अन्य क्या-क्या सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा सकता है।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि बिजनौर पौराणिक एवं धार्मिक रूप से पवित्र भूमि है, जहां पर विद्वानों और महानुभवों ने जन्म लिया हैं। उन्होंने कहा कि गंगा के किनारे बसने वाले बिजनौर शहर में जिला प्रशासन द्वारा किए जाने वाले विकास एवं पर्यावरण सुधार के कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि जिले की मुख्य नदी मालन के जीर्णेद्वार और तालाबों को कब्जामुक्त कराने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है । साथ ही उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान यह संकल्प लें कि उनका ग्राम टीबी व कुपोषण मुक्त होगा तथा इस पर कार्य करें जिससे पूरा भारत टीबी व कुपोषण मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 तक भारत को टीवी मुक्त करनें का संकल्प लिया है। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से 10 आंगनवाडी केंद्रों की संचालिकाओं को प्ले किट उपलब्ध कराई । प्रत्येक प्ले किट में 24-24 अलग-अलग सामग्रियां हैं। जनपद में आज कुल 51 आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेने का कार्य किया गया । जिसमें 20 रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय बरेली व 11 अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी लखनऊ द्वारा तथा 20 जनपद के औद्योगिक व शैक्षिक संस्थाओं द्वारा गोद लिया गया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले विश्वविद्यालय के कुलपति, एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल विवि के प्रतिकुलपति तथा स्थानीय विवेक कॉलेज तथा कृष्णा कॉलेज के संचालकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि जनपद में गत अक्टूबर 2021 में आयोजित कार्यक्रम में जिसमें राज्यपाल ने वर्चुअल प्रतिभाग किया था व आशीर्वचन दिया था। उक्त कार्यक्रम में 30 आंगनवाड़ी केंद्रों को गोद लेने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि मालन नदी के सफाई का कार्य भी जन सहयोग से कराया जा रहा है। नेशनल कॉर्बेट पार्क का एक द्वार खुल जाने से दिल्ली से आने वाले व्यक्तियों को आसानी होगी तथा यहां के व्यक्तियों को रोजगार भी उपलब्ध होगा और बिजनौर का नाम भी होगा।
इस अवसर पर अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी लखनऊ के प्रति कुलपति मनीष गौड, रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के कुलपति के पी सिंह ने विचार रखें । कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने राज्यपाल व जनप्रतिनिधियों व आगनतुको का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉक्टर प्रवीन रंजन, पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, सदर विधायक सूचि चौधरी, धामपुर विधायक अशोक राणा, नहटौर विधायक ओम कुमार, अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी लखनऊ के प्रति कुलपति मनीष गौड, रुहेलखंड विवि बरेली के कुलपति के पी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के पी सिंह सहित ग्राम प्रधान, अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी रहे।
आश्रम में वृद्धजनों के हाल-चाल जाने
बिजनौर। राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल द्वारा जिला बिजनौर भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत विदुर कुटी का निरीक्षण किया गया। वहां स्थित मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की उसके बाद विदुर कुटी परिसर स्थित वृद्धा आश्रम पहुंचे तथा वहां उन्होंने प्रवास करने वाले वृद्धजनों से उनका हालचाल मालूम किया। उन्होंने गंगा तट स्थित स्थापित विदुर कुटी के प्राकृतिक सौंदर्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि विदुर कुटी निश्चित रूप से बहुत ही अच्छी जगह स्थापित है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा विदुर कुटी को आइकन का दर्जा दिया गया है जिसके लिए आवश्यक है इसको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए।
महिला कैदियों के बच्चों को वितरित कीं खिलौनों किट
राज्यपाल ने जिला जेल में कार्यक्रम के दौरान जेल में बंद महिला कैदिेयों के बच्चों को खिलौनों की किट का वितरण किया। राज्यपाल द्वारा कार्यक्रम स्थल पर मौजूद राजकीय इंटर कॉलेज बायस एवं गर्ल्स के छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित किया गया। उन्होंने जेल का भ्रमण कर कैदियों से बातचीत की और उनके जेल में आने के कारण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज बायस एवं गर्ल्स की छात्रा कुमारी इरशिता गुप्ता तथा छात्र अरमान से जेल में किए गए भ्रमण के दौरान जेल के वातावरण के सम्बन्ध में उनके अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्र-छात्राओं द्वारा बताया गया कि जेल भ्रमण पर आकर मालूम हुआ कि यह बंदी गृह नहीं सुधार गृह है। राज्यपाल ने प्रधानाचार्यां को निर्देश दिए कि जेल भ्रमण के दौरान छात्र/छात्राओं द्वारा प्राप्त हुए अनुभवों पर आधारित सूचनाओं को संकलित कर उसकी पुस्तक बनावाएं। कार्यक्रम के दौरान आनंदीबेन पटेल द्वारा महिला बंदियों के बच्चों को उपहार स्वरूप खिलौनों आदि की किट का वितरण किया। इस अवसर पर डीआईजी जेल आर एन पाण्डेय, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनेय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ प्रवीण रंजन रहे।
