मुरादाबाद : संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में चक्कर की मिलक की रहने वाली 23 वर्षीया नाहिद की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके वालों की सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस ने महिला का शव कब्जे में ले लिया। कटघर थाना क्षेत्र स्थित धोबी वाला फाटक निवासी नाजिम के मुताबिक चार साल …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में चक्कर की मिलक की रहने वाली 23 वर्षीया नाहिद की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके वालों की सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस ने महिला का शव कब्जे में ले लिया। कटघर थाना क्षेत्र स्थित धोबी वाला फाटक निवासी नाजिम के मुताबिक चार साल पहले नाहिद का निकाह चक्कर की मिलक में रहने वाले सलीम के साथ हुआ था।
सलीम वेल्डिंग का काम करता है। दंपती के दो पुत्र बिलाल (3) और तीन माह का अब्बास हैं। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे नाहिद को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तब परिजनों ने बताया कि महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। कुछ ही देर में महिला ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने घटना की जानकारी सिविल लाइंस थाने को दी। इस बीच मृतका के मायके वाले भी मोर्चरी पहुंच गए।
मृतका के भाई नाजिम ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर मृतका के ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। नाजिम के मुताबिक ससुराली उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। चार दिन पहले नाहिद अपने मायके आई थी। फिर नाजिम ने बहन को उसकी ससुराल छोड़ दिया। बहन की अकस्मात मौत से मायके वाले सदमे में हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अभयराज सिंह ने बताया कि ससुरालियों पर हत्या का आरोप है। मृतका का पति हिरासत में है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद ही महिला की मौत के असल कारणों का पता चलेगा।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : अवैध कारतूस मामला में हरदयाल एंड संस के स्वामी व पुत्र के खिलाफ मुकदमा
