लखनऊ: पीएसी में तैनात महिला सिपाही से जबरन शादी का दबाव बना रहा युवक, पीड़िता ने दर्ज कराया केस
लखनऊ। राजधानी में पीएसी बटालियन में तैनात महिला सिपाही से जबरन शादी करने को लेकर एक युवक लगातार धमकी दे रहा है। महिला सिपाही का कहना है कि युवक मानसिक रूप से उसे प्रताड़ित कर रहा है। विभाग में उसकी छवि खराब करने, सोशल मीडिया पर भद्दी चैटिंग करने और 25 लाख रुपये देने की …
लखनऊ। राजधानी में पीएसी बटालियन में तैनात महिला सिपाही से जबरन शादी करने को लेकर एक युवक लगातार धमकी दे रहा है। महिला सिपाही का कहना है कि युवक मानसिक रूप से उसे प्रताड़ित कर रहा है। विभाग में उसकी छवि खराब करने, सोशल मीडिया पर भद्दी चैटिंग करने और 25 लाख रुपये देने की धमकी दे रहा है। जब महिला सिपाही ने विरोध किया तब आरोपी ने उस पर एसिड फेंकने की धमकी दी है। सिरफिरे से परेशान होकर महिला सिपाही ने नाका थाने में शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
नाका हिंडोला थानाक्षेत्र के मोतीनगर निवासिनी रूबी मौर्या लखनऊ की पीएसी बटालियन में महिला सिपाही है। महिला ने बताया कि कई महीनों से हरदोई जनपद के मक्काखेड़ा कासिमपुर से रामप्यारी महिला के नाम से उसके छोटे भाई के पास आरोपों के तहत शिकायती पत्र भेजा जा रहा है। यह शिकायती पत्र उसके कार्यालय में भी डाक द्वारा भेजा चुका है। जबकि महिला सिपाही का वास्ता उस महिला से नहीं हैं। जब महिला सिपाही व उसके परिजनों ने गहनता से जांच की तब पता चला कि उन्नाव जनपद के सदर थानाक्षेत्र के सिंगरोली निवासी महेंद्र कुशवाहा बदला लेने के लिए उसे परेशान कर रहा है।
महिला सिपाही ने बताया कि साल 2020 में उसके रिश्तेदार महेंद्र का रिश्ता लेकर उसके घर पर आए थे। उस वक्त रिश्तेदारों ने बताया कि महेंद्र कचहरी उन्नाव में किसी वकील का मुंशी हैं। जब पीड़िता के परिजनों ने पड़ताल की तो महेंद्र हकीकत सबके समाने आ गई। महिला सिपाही ने बताया कि महेंद्र कुशवाहा अपराधी प्रवृत्ति का है। किसी अपराधिक मामले में वह जेल जा चुका है।
महेंद्र की हकीकत पता चलने के बाद महिला ने उससे शादी करने से मना कर दिया लेकिन महेंद्र महिला सिपाही को दिल दे बैठा। एक तरफ प्यार को पाने के लिए वह महिला सिपाही की मां को कॉल कर उनकी बेटी से शादी करने की जिद करने लगा। महिला सिपाही ने बताया कि महेंद्र ने किसी तरह उसका नंबर हासिल कर लिया और व्हाट्सअप पर भद्दे-भद्दे मैसेज भेजने लगा। इस पर महिला सिपाही व उसके परिजनों ने महेंद्र का नंबर ब्लॉक कर दिया।
तुम मेरी नहीं तो किसी और की भी नहीं
महिला सिपाही ने बताया कि जब उसने महेंद्र का नंबर ब्लॉक कर दिया तो वह नये मोबाइल नंबर से कॉल कर उसे परेशान करने लगा। महिला सिपाही का आरोप है कि महेंद्र ने उसकी मां को कॉल कर धमकी दी अगर तुम्हारी बेटी की शादी मुझसे नहीं हुई तो मैं किसी और से उसकी शादी होने नहीं दूंगा। तुम्हारी बेटी को झूठे केस में फंसा दूंगा। अगर फिर भी नहीं मानेगी तो मैं तुम्हारी बेटी को जान से मार दूंगा। उस पर एसिड फेंक दूंगा। शादी न करने के लिए आरोपी 25 लाख की मांग करने लगा। पीड़िता के रिश्तेदारों ने भी महेंद्र का पक्ष लेते हुए शादी का दबाव बनाया लेकिन उसने शादी से मना कर दिया।
मंगेतर को बताया कि मेरी पत्नी से कर रहे हो शादी
महिला सिपाही ने बताया कि अब उसकी शादी वाराणसी के युवक से तय हो चुकी है। जब उसने मंगेतर को महेंद्र के बारे में बताया। तब उसके मंगेतर ने महेंद्र को कॉल कर सच्चाई जानने की कोशिश की। इस पर महेंद्र ने मंगेतर को बताया कि रूचि उसकी पत्नी है। उनकी शादी हो चुकी है। अगर तुम रूचि से शादी करने की सोचना भी नहीं और मैं रूचि की शादी होने भी नहीं दूंगा।
महेंद्र की हरकत से परेशान होकर महिला सिपाही ने नाका कोतवाली में शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने महेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस सम्बन्ध में नाका इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने महेंद्र पर एफआईआर दर्ज की है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-इटावा: ठगी का शिकार हुई महिला सिपाही, साइबर चोरों ने उड़ाए हजारों रुपए, पीड़िता की राशि पुलिस ने करवाई बरामद
