बहराइच: आबकारी विभाग की छापेमारी में 100 लीटर शराब और 10 क्विंटल लहन बरामद, मुकदमा दर्ज
बहराइच। आबकारी विभाग की टीम ने शनिवार तड़के मोतीपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कतरनिया और झाला गांव में छापेमारी की। मौके से 100 लीटर कच्ची शराब और 10 क्विंटल शराब बनाने का लहन बरामद किया गया। पुलिस ने लहन और शराब को नष्ट कराते हुए दो धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश …
बहराइच। आबकारी विभाग की टीम ने शनिवार तड़के मोतीपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कतरनिया और झाला गांव में छापेमारी की। मौके से 100 लीटर कच्ची शराब और 10 क्विंटल शराब बनाने का लहन बरामद किया गया। पुलिस ने लहन और शराब को नष्ट कराते हुए दो धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी के निर्देशन में शनिवार तड़के जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया की अगुवाई में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मोतीपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कतरनिया और झाला गांव में पुलिस टीम के साथ छापेमारी की गई।
हालांकि मौके पर कोई नहीं मिला। सभी आबकारी टीम के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि गांव से 100 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के लिए ड्रम में रखा 10 क्विंटल लहन बरामद किया गया है। टीम ने शराब और लहन को नष्ट करा दिया है।
जबकि अज्ञात के विरुद्ध दो धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जल्द ही अवैध शराब निर्माण में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।
