मुरादाबाद : रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार व्यापारी की मौत
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक व्यापारी अपने बहनोई के साथ स्कूटी पर सवार होकर दुकान पर जा रहा था।रास्ते में स्कूटी को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक व्यापारी अपने बहनोई के साथ स्कूटी पर सवार होकर दुकान पर जा रहा था।रास्ते में स्कूटी को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र में रामगंगा विहार निवासी प्रदीप अग्रवाल (60) व्यापारी थे। उनकी मंडी चौक में ज्वैलरी की दुकान है। परिजनों ने बताया कि वह शनिवार को अपने बहनोई पूर्व पार्षद गोपाल खन्ना (70) के साथ स्कूटी पर सवार होकर दुकान पर जा रहे थे। नवीन नगर चौराहे पर उनकी स्कूटी को पीछे से रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई।अजबकि गोपाल खन्ना गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने रोडवेज चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल का इलाज कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है। प्रदीप के परिवार में पत्नी दीपा सहित दो बेटे आकाश और अवस्थिक है। परिजनों ने चालक के खिलाफ सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सड़क हादसे में मजदूर की मौत
मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र में टैंकर ने साइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। मैनाठेर निवासी मनन शेख ( 60) मजदूरी करता था। वह मूल रूप से बेस्ट बंगाल में कंडी थाना क्षेत्र में गांव कुंवार सिंधू निवासी था। वह पिछले कुछ सालों से मैनाठेर में रह रहा था। परिजनों ने बताया कि वह शनिवार को सुबह साढ़े छह बजे साइकिल पर सवार होकर मजदूरी करने जा रहा था। मैनाठेर थाने के पास उसकी साइकिल को टैंकर ने टक्कर मार दी। इसमें मनन शेख की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने टैंकर चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। परिजनों ने थाने में चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया।
सड़क हादसे में घायल किसान की इलाज को दौरान मौत
अमृत विचार,मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड पर स्थित निजी अस्पताल में वृद्ध किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के गांव किसौली निवासी रामप्रसाद (55) खेतीबाड़ी करते थे। बेटे दुष्यंत ने बताया कि शुक्रवार को पिता रामप्रसाद एक दावत में गए थे। वहां से लौटने के दौरान सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे थे ,तभी किसी वाहन ने टक्कर मार दिया। गंभीर घायल राम प्रसाद को पहले संभल के ही अस्पताल में ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया। बाद में परिजन राम प्रसाद को मुरादाबाद सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड पर स्थित न्यूरोन हास्पिटल में भर्ती करा दिए। उपचार के दौरान शनिवार सुबह राम प्रसाद ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : पति के प्यार पर भारी पड़ी बचपन की मोहब्बत, प्रेमी संग मिलकर की थी हत्या
