मुरादाबाद: धीमी गति से स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं के संचालन पर ग्रहण
मुरादाबाद, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पहले चरण में चयनित नगर क्षेत्र के 24 स्कूलों में डिजिटल क्लास चलने के बाद दूसरे चरण में 48 स्कूलों को शामिल कर लिया गया। लेकिन इसकी धीमी प्रगति सुविधाओं के स्मार्ट होने और डिजिटल क्लास संचालन में ग्रहण लगा रही है। नगर निगम की ओर से …
मुरादाबाद, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पहले चरण में चयनित नगर क्षेत्र के 24 स्कूलों में डिजिटल क्लास चलने के बाद दूसरे चरण में 48 स्कूलों को शामिल कर लिया गया। लेकिन इसकी धीमी प्रगति सुविधाओं के स्मार्ट होने और डिजिटल क्लास संचालन में ग्रहण लगा रही है।
नगर निगम की ओर से स्मार्ट सिटी मिशन में स्मार्ट योजनाओं के क्रियान्वयन के तहत नगरीय क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों को भी स्मार्ट किया जा रहा है। दूसरे चरण में 48 स्कूलों को कायाकल्प योजना में शामिल कर 91 करोड़ रुपये की लागत से उनको उच्चीकृत किया जा रहा है। इससे इन स्कूलों में डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से शिक्षा दी जाएगी। इन स्कूलों के कायाकल्प के कार्य का उद्घाटन मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह और नगर आयुक्त संजय चौहान ने कन्या प्राथमिक स्कूल दांग में किया था। स्कूलों के सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने से बच्चों को शिक्षा का बेहतर माहौल मिलेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुद्ध प्रिय सिंह का कहना है कि बेसिक शिक्षा परिषद के नगरीय क्षेत्र के स्कूलों में स्मार्ट सिटी मिशन और आपरेशन कायाकल्प योजना के तहत सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इस योजना से इन स्कूलों की रंगत बदलने से शिक्षा का स्तर भी बढ़ेगा।
25 हजार छात्रों के सपनों का होना है कायाकल्प
नगरीय क्षेत्र के 24 स्कूलों में डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से स्मार्ट क्लास संचालित हो रही हैं। दूसरी ओर ऑपरेशन कायाकल्प के लिए 48 स्कूलों को चुना गया है। 91 करोड़ से इन स्कूलों का कायाकल्प होना है। इस रकम से स्कूलों में कमरे व छत की मरम्मत होगी। दिव्यांगों के लिए अलग शौचालय बनेगा। अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण के साथ ही बिजली कनेक्शन की भी सुविधा मिलेगी। इससे सुविधा विहीन सरकारी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 25 हजार से अधिक बच्चों के दिन सुधरेंगे। स्कूल में इंटरलॉकिंग, फर्नीचर की सुविधा, विद्युतीकरण आदि काम कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम उत्तर प्रदेश कराएगी।
कायाकल्प योजना के लिए चयनित स्कूल
कंपोजिट विद्यालय दांग, तहसीली, मुगलपुरा, कटार शहीद, मझोला, गंज गांधी पार्क, मुफ्ती टोला लाकड़ी, सोनकपुर, पीएसी कन्या, लोदीपुर, कंपोजिट विद्यालय फैजगंज और उच्च प्राथमिक विद्यालय कुंदनपुर, मऊ है। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय मकबरा बालक, प्रावि कन्या दांग, विद्यालय देहरी, फाजलपुर, मानपुर नरायनपुर, प्रावि मऊ, आदर्श नगर, मैनाठेर, किसरौल बालक, मलिक मुर्कबपुर, सिकंदरपुर तिगरी, हरथला, भीमाठेर, भोगपुर मिठोनी, भदौरा, भटावली, पंडित नगला, लालबाग बालक, कटघर पू बालक, पटेल नगर, धीमरी, खुशहालपुर, ढक्का, झांझनपुर, पुलिस लाइंस, नवाबपुरा बालक, काजीपुरा, कुंदनपुर, कल्यानपुर, मानपुर, शाहपुर तिगरी, कटरा पूरन जाट, प्रावि कटघर पू कन्या, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नगर क्षेत्र शामिल हैं।
