मुरादाबाद : गोकशी करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, हत्थे चढ़ा 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। गोकशी व गोतस्करी में लिप्त बदमाशों की अब खैर नहीं है। आपरेशन क्लीन के तहत ऐसे अपराधों में लिप्त बदमाशों को चिह्नित कर उनके खिलाफ पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार सुबह मूंढापांडे थाना क्षेत्र में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में पुलिस ने दबोच लिया। जबकि …

मुरादाबाद,अमृत विचार। गोकशी व गोतस्करी में लिप्त बदमाशों की अब खैर नहीं है। आपरेशन क्लीन के तहत ऐसे अपराधों में लिप्त बदमाशों को चिह्नित कर उनके खिलाफ पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार सुबह मूंढापांडे थाना क्षेत्र में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में पुलिस ने दबोच लिया। जबकि उसके दो साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। गोली से घायल बदमाश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। एसएसपी हेमंत कुटियाल समेत पुलिस के अन्य उच्चाधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंच कर गोमांस तस्कर से पूछताछ की।

मूंढापांडे पुलिस को सोमवार सुबह सूचना मिली कि सफेद कार में सवार कुछ लोग अवैध मांस के साथ रामपुर की तरफ बढ़ रहे हैं। पुलिस ने गणेश घाट की नाकेबंदी करते हुए वाहनों की जांच शुरू की। तभी सफेद कार सामने से आते दिखी। पुलिस टीम ने कार रोकने की कोशिश की। तब चालक ने कार की रफ्तार तेज कर दी। अफरातफरी के बीच कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। कार के पलटते ही बदमाश निकल कर भागने लगे। बदमाशों को दबोचने की कोशिश में पुलिस ने पीछा शुरू कर दिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस टीम ने अपने बचाव में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायर झोंका। पैर में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल होकर वहीं गिर गया।

यह देख उसके दो साथी पुलिस को चकमा देखकर भागने में सफल हो गए। हत्थे चढ़े बदमाश की पहचान नाजिम निवासी करुला थाना कटघर के रूप में हुई। कार की डिग्गी में पुलिस को मांस से भरा बैग मिला। मुठभेड़ की खबर मिलते ही एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, कटघर सीओ डॉ. अनूप कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश मातहतों को दिया। नाजिम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी पाकर सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी भी जिला अस्पताल पहुंच गए। कुछ ही देर बाद एसएसपी हेमंत कुटियाल जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों से बातचीत करते हुए उन्होंने बदमाश के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी की। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस के हत्थे चढ़ा नाजिम 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश है।

एसएसपी ने नाजिम की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। नाजिम के खिलाफ हत्या, अवैध शस्त्र, गोकशी तथा मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में कटघर, मूंढापांडे व बिलारी थाने में अभियोग दर्ज है। बदमाश के कब्जे से गोमांस, बगैर नंबर की सफेद कार, मीट काटने के उपकरण व एक तमंचा बरामद हुआ। उसके फरार साथियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: दीवार से टकराई कार, दूल्हा-दुल्हन सहित सात घायल

संबंधित समाचार