टनकपुर: बुद्ध पूर्णिमा पर पूर्णागिरि धाम में 70 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। देश के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम में सरकारी तौर पर पूर्णागिरि मेले का संचालन जारी है।सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा और रविवार को सरकारी अवकाश के कारण पिछले 2 दिनों में मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं का एकाएक सैलाब उमड़ पड़ा। पिछले दो दिनों में तकरीबन 70 हजार श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि धाम …

टनकपुर, अमृत विचार। देश के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम में सरकारी तौर पर पूर्णागिरि मेले का संचालन जारी है।सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा और रविवार को सरकारी अवकाश के कारण पिछले 2 दिनों में मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं का एकाएक सैलाब उमड़ पड़ा। पिछले दो दिनों में तकरीबन 70 हजार श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि धाम में पहुंचकर दर्शन किए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने के कारण धक्का-मुक्की के बीच श्रद्धालुओं को धाम के दर्शन करने पड़े। छोटे बच्चों के साथ आए श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ा। वहीं पिछले 2 दिनों से पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।

मालूम हो कि इस बार सरकारी तौर पर पूर्णागिरि मेला का संचालन 15 जून तक होना है। लेकिन अभी भी मां पूर्णागिरि धाम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही बदस्तूर जारी है। रविवार और सोमवार को सरकारी अवकाश होने के कारण मां पूर्णागिरि धाम में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालु निजी वाहनों,ट्रेनों,परिवहन निगम की बसों, चार्टर बसों,दुपहिया वाहनों व पैदल मां पूर्णागिरि धाम पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भाड़ के कारण सुरक्षा को देखते हुए पुलिस फोर्स द्वारा भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर तक जगह-जगह अवरोधक बनाए गए थे। जहां श्रद्धालुओं को घंटो तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा था। छोटे-छोटे बच्चों के साथ आए श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी के बीच भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वही पिछले 2 दिनों से पूर्णागिरि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था एकदम से चरमरा गई है। जिसके कारण पानी के लिए मेला क्षेत्र में हाहाकार मचा हुआ है। बताया जाता है कि पूर्णागिरि क्षेत्र के निगालीगाड पेयजल योजना खराब होने के कारण पूर्णागिरि क्षेत्र के पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है।इस ओर जल संस्थान द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

श्री मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन चंद्र तिवारी ने जल संस्थान के अधिकारियों से पूर्णागिरि मेला क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त किए जाने की पुरजोर वकालत की है। इधर पड़ोसी देश नेपाल के महेंद्र नगर और ब्रह्मदेव मंडी स्थित सिद्धनाथ मंदिर में भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिसके कारण नेपाल के बाजारों में भी खासी रौनक बनी हुई है।

संबंधित समाचार