अयोध्या: बाइक की डिग्गी से चोरी हुए हजारों के जेवरात, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र के रिकाबगंज में नरेंद्रालय के निकट से एक दुकान के बाहर खड़ी बाइक की डिग्गी से एक टप्पेबाज बेटे की शादी के लिए खरीदे करीब 92 हजार के जेवर ले उड़ा। टप्पेबाज काफी देर तक रेकी करता रहा जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज के वायरल होते ही …
अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र के रिकाबगंज में नरेंद्रालय के निकट से एक दुकान के बाहर खड़ी बाइक की डिग्गी से एक टप्पेबाज बेटे की शादी के लिए खरीदे करीब 92 हजार के जेवर ले उड़ा। टप्पेबाज काफी देर तक रेकी करता रहा जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज के वायरल होते ही हड़कंप मच गया। रिकाबगंज जैसे पॉश इलाके में इस तरह की घटना के सामने आने के बाद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
घटना मंगलवार देर शाम की है। हुआ यूं कि महराजगंज थाना क्षेत्र के कुमिया गांव के रणविजय सिंह 20 मई को होने वाली बेटे की शादी के लिए जेवर आदि खरीद रिकाबगंज एक साड़ी की दुकान पर पहुंचे। वहां बाइक खड़ी कर पत्नी के साथ खरीदारी के लिए अंदर गए। इस दौरान उनकी बाइक की डिग्गी तोड़ टप्पेबाज जेवर रखा बैग ले उड़ा।
बैग में अंगूठी, मंगलसूत्र, पायजेब आदि थे, जिनकी कीमत 92 हजार बताई जाती है। सीसीटीवी कैमरे में एक शख्स कई बार दुकान के अंदर बाहर आता दिखाई दे रहा है जिससे पता चलता है कि वह रेकी कर रहा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। कोतवाल देवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
पढ़ें-हरदोई: ज्वैलरी शोरूम से लाखों के जेवरात चोरी करने वाली शातिर महिलाएं गिरफ्तार
